
राकेश सोनी सीधी मध्यप्रदेश
जल गंगा संवर्धन के तहत सांसद ने रामसागर,गोपालदास एवं अन्य तालाब के संरक्षण कार्य का शुभारंभ किया
जल गंगा संवध्रन अभियान को जन आंदोलन बनाए- सांसद डाॅ राजेश मिश्रा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत सांसद डाॅ राजेश मिश्रा ने ग्राम कपुरी में रामसागर तालाब के संरक्षण एवं संवर्धन कार्य का शुभारंभ किया। सांसद डाॅ राजेश मिश्रा ने कहा कि जल है तभी जीवन है। जल के बिना जीवन की परिकल्पना भी नहीं की जा सकती। इसलिए जल का संरक्षण एवं संवर्धन करना अत्यन्त आवश्यक है।
सांसद ने कहा कि जल संरक्षण एवं संवर्धन को जन आंदोलन बनाने के लिए मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान में सरकार द्वारा नए अमृत सरोवरों एवं खेत तालाबों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही साथ पुराने तालाबों, बावडियों, कुओ एवं अन्य जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार कराया जायेगा। सांसद ने कहा कि यह अभियान जन-जन के जीवन से जुडा अभियान है। इस अभियान की सफलता के लिए इसमें समाज के हर वर्ग को भागीदारी निभाकर जन आंदोलन बनाना होगा। हमें अपनी पुरानी जल संरचनाओं का सम्मान करना होगा। अपने नदियों, तालाबों की सुरक्षा में साफ-सफाई में अपना योगदान देना होगा। हमें वर्षा के जल को संरक्षित करने की दिशा में अपना योगदान देना होगा। हमें अपने रोजमर्रा के जीवन में भी पानी का अपव्यय रोकना होगा। सांसद ने कहा कि यह अभियान हमारे वर्तमान और भविष्य दोनो से जुड़ा हुआ है। हमें अपने आने वाली पीढ़ी के लिए एक बेहतर परिवेश बनाकर देना है। इस अवसर पर सांसद ने सभी से पौधे लगाने तथा अपने पर्यावरण के संरक्षण संवर्धन में सहभागिता करने की अपील की है।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी शैलेष द्विवेदी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग पी.के. त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधिगण गणमान्य नागरिक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहें।