
थाना उत्तर क्षेत्र के प्राइवेट ट्रामा सेंटर में महिला ने काटी हाथ की नस, इलाज न मिलने पर उठाया कदम – लाइव वीडियो वायरल
फिरोजाबाद:
थाना उत्तर क्षेत्र स्थित एक प्राइवेट ट्रामा सेंटर में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। इलाज न मिलने से आहत एक महिला ने अस्पताल के बाहर ही अपनी चूड़ी से हाथ की नस काट ली। यह पूरी घटना किसी ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
नगला विष्णु निवासी पीड़ित महिला आरती का आरोप है कि उसकी मासूम बेटी अस्पताल में भर्ती थी, लेकिन इलाज नहीं मिल रहा था। आरती का कहना है कि अस्पताल प्रशासन ने पहले ही 40 हजार रुपये ले लिए थे, फिर भी सही इलाज नहीं मिल पा रहा था। इस उपेक्षा से दुखी होकर महिला ने खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल का स्टाफ मौके पर पहुंचा और महिला को अंदर ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और महिला के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। यदि अस्पताल की लापरवाही साबित होती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।







