सादाबाद 02 मई । सपा के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को आज आगरा स्थित उनके आवास पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। जिसको लेकर सादाबाद में पुलिस अलर्ट पर है। वह अलीगढ़ में एक मारपीट के शिकार युवक से मिलने जा रहे थे। यह कार्रवाई राज्यसभा में राणा सांगा पर दिए गए उनके विवादित बयान के बाद की स्थिति से जुड़ी है। कुछ दिन पहले आगरा से बुलंदशहर जाते समय गभाना टोल प्लाजा के पास करणी सेना के लोगों ने उनके काफिले पर हमला किया था।
हमलावरों ने गाड़ियों के सामने टायर फेंके, जिससे पांच वाहन क्षतिग्रस्त हो गए थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला था। सादाबाद के गांव बहरदोई में स्थित सुमन के पैतृक आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार गश्त कर रही है। कुछ सपा कार्यकर्ताओं के आगरा जाने की सूचना के बाद सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। सीओ सादाबाद हिमांशु माथुर ने बताया कि गांव में पूरी तरह शांति है। एहतियातन पुलिस की चौकसी बढ़ाई गई है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।