
गुना / शहर में मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए मंगलवार को एसडीएम कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कैंट गुलाबगंज मस्जिद से जुड़े दोनों पक्षों को आमंत्रित किया गया था। प्रशासन की मध्यस्थता से दोनों पक्षों को समझाइश दी गई।

गुना एसडीएम शिवानी पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों पर आवश्यक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के लिए तहसीलदार गुना नगर एवं थाना प्रभारी कैंट को निर्देश दिए गए । मस्जिद परिसर में सुरक्षा की दृष्टि से अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिनका नियंत्रण संबंधित पुलिस थाना संभालेगा। साथ ही, मस्जिद संचालन की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एक संयुक्त खाता खोला जाएगा, जिसमें दोनों पक्षों के प्रतिनिधि शामिल रहेंगे। मस्जिद में आने वाले नमाजियों से संबंधित खर्चों का लेखा-जोखा एसडीएम कार्यालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
बैठक में सीएसपी भरत नोटिया, तहसीलदार गुना जीएस बैरवा, यातायात थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह, परियोजना अधिकारी तेज सिंह यादव उपस्थित रहे।



