
31 मई 2025 को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) पोस्ट धनबाद के कैंपिंग ड्यूटी स्टाफ, प्रधान आरक्षी सेतु कुमार सिंह और आरक्षी संजीव कुमार, तेतूलमारी स्टेशन पर गश्त और चेकिंग के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर गाड़ी संख्या 13553 (वाराणसी मेमू एक्सप्रेस) में एक संदिग्ध व्यक्ति को दो भारी बैगों के साथ ट्रेन में चढ़ते देखा।
उक्त व्यक्ति को रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम रंजीत कुमार, उम्र लगभग 24 वर्ष, पिता स्वर्गीय महेंद्र तुरी, निवासी हरिजन कॉलोनी, लोयाबाद, थाना लोयाबाद, जिला धनबाद (झारखंड) बताया। बैग में रखे सामान के बारे में पूछने पर उसने बताया कि बैग में व्हिस्की है। बैग खोलकर दिखाने पर एक काले-लाल रंग के “American Tourister” बैग में 13 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की और एक काले रंग के “HP” बैग में 29 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की, कुल 42 बोतलें (प्रत्येक 375 मिलीलीटर, अंकित मूल्य 370 रुपये प्रति बोतल, कुल मात्रा 15.750 लीटर, कुल अंकित मूल्य 15,540 रुपये) बरामद की गईं। सभी बोतलों पर “FOR SALE IN JHARKHAND ONLY” लिखा हुआ था।
बरामद अंग्रेजी शराब के वैध कागजात मांगने पर व्यक्ति कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि अधिक लाभ कमाने के लिए वह तेतूलमारी से अंग्रेजी शराब खरीदकर बिहार में ऊँचे दामों पर बेचता है।
इसकी सूचना कैंपिंग ड्यूटी स्टाफ ने प्रभारी निरीक्षक, धनबाद को दी। उनके आदेशानुसार, पकड़े गए व्यक्ति और बरामद अंग्रेजी शराब को RPF पोस्ट धनबाद लाया गया। चूँकि यह कॉन्ट्राबैंड आइटम था, उप-निरीक्षक पालिक मिंज ने मौके पर उपस्थित गवाहों के समक्ष बरामद रॉयल स्टैग व्हिस्की को जब्त किया।
तत्पश्चात, उक्त व्यक्ति को उसके अपराध की जानकारी देकर मानवाधिकार नियमों का पालन करते हुए गिरफ्तार किया गया। अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए जब्त अंग्रेजी शराब और गिरफ्तार अभियुक्त को उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंप दिया गया।










