

सीकर. ग्राम पंचायत आभावास में स्थित महात्मा गांधी विद्यालय की भूमि चारागाह भूमि में होने के कारण वर्षों से अधर में लटका हुआ था। विद्यालय की स्थिति यह थी कि भवन निर्माण, कक्षा-कक्षों की मरम्मत, स्मार्ट क्लास या अन्य सुविधाओं के लिए सरकार की किसी भी योजना के तहत बजट स्वीकृत नहीं हो पा रहा था, क्योंकि विद्यालय के नाम पर भूमि ही दर्ज नहीं थी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य झाबरमल वर्मा ने इस समस्या को गंभीरता से लिया और निरंतर प्रयास करते हुए तहसीलदार रींगस को वस्तुस्थिति से अवगत कराया। तहसील प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए भूमि आवंटन का प्रस्ताव तैयार कर जिला कलेक्टर को भेजा।
जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए विद्यालय के नाम भूमि आवंटन का आदेश जारी कर दिया। शिक्षा सत्र के प्रथम दिन उपखंड अधिकारी रींगस बृजेश गुप्ता एवं तहसीलदार स्वयं विद्यालय पहुंचे और प्रधानाचार्य को आवंटन पत्र सौंपा। यह अवसर विद्यालय परिवार के लिए किसी उत्सव से कम नहीं था। अब विद्यालय को राज्य सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ मिलेगा।



