
पीलीभीत। जसवंती राइस एंड फ्लोर मिल के मालिक जगमोहन राय अग्रवाल की कार गजरौला क्षेत्र में एक खड़े डंपर से टकरा गई। जिसमें उनकी पुत्रवधू प्रियंका अग्रवाल की मौके पर मौत हो गई। हादसे में पुत्र तनुज अग्रवाल और एक बच्चा घायल हो गए। परिवार देहरादून से घर लौट रहा था। रात करीब 2:30 बजे की घटना है। तनुज अग्रवाल अपनी पत्नी प्रियंका और बच्चे के साथ पूरनपुर के चांट फिरोजपुर स्थित अपने घर लौट रहे थे। गांव के पास पेट्रोल पंप के नजदीक उनकी कर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा गई। टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। थाना अध्यक्ष जगदीप मलिक के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रियंका की मौत मौके पर ही हो चुकी थी। गंभीर रूप से घायल तनुज को प्राथमिक उपचार की बाद दिल्ली रेफर किया गया। घायल बच्चे को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना के समय डंपर चालक मौजूद था या नहीं। हादसे की खबर से पूरनपुर में शौक की लहर है। व्यापारी वर्ग और स्थानीय नागरिकों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।