A2Z सभी खबर सभी जिले की

श्री राजेंद्र सामान्य अस्पताल में मारपीट: मृतक के भाई पर साइकिल स्टैंड कर्मचारियों का हमला, दो डिटेन

झालावाड़ 13 फरवरी, शुक्रवार। शहर के श्री राजेंद्र सामान्य अस्पताल (एसआरजी) परिसर में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब साइकिल स्टैंड पर तैनात दो कर्मचारियों ने एक युवक के साथ मारपीट कर दी। युवक अपने भाई के पोस्टमार्टम के सिलसिले में अस्पताल आया था।

जानकारी के अनुसार, मैसर गांव निवासी कालू लाल अपने भाई का पोस्टमार्टम कराने अस्पताल पहुंचा था। वह बाइक से पोस्टमार्टम रूम की ओर जा रहा था। इसी दौरान इमरजेंसी वार्ड से पहले स्थित साइकिल स्टैंड पर तैनात कर्मचारियों ने रस्सी खींचकर उसकी बाइक रोकने का प्रयास किया। अचानक सामने रस्सी आने से बाइक तुरंत नहीं रुक पाई, जिस पर वहां मौजूद कर्मचारी आशिक और विजय ने कथित तौर पर कालू लाल के साथ मारपीट शुरू कर दी।

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों कर्मचारियों को डिटेन कर थाने ले गई। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा पीड़ित की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

घटना को लेकर अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। परिजनों का आरोप है कि संवेदनशील माहौल में इस तरह की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!