
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा। पुलिस अधीक्षक गढ़वा श्री अमन कुमार (भा.पु.से.) की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार कक्ष में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों ने भाग लिया।

गोष्ठी की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक ने जिले में हाल में हुई चोरी की घटनाओं के शीघ्र उद्भेदन पर विशेष जोर दिया। साथ ही जिले में लाउडस्पीकर/डीजे के अवैध उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। थाना स्तर पर प्रत्येक सोमवार को थाना प्रभारी द्वारा संबंधित पुलिस पदाधिकारियों का परफॉर्मेंस ऑडिट करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा कर त्वरित निष्पादन करने के निर्देश दिए गए।

आगामी महाशिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके अतिरिक्त नगर निगम चुनाव को भयमुक्त एवं निष्पक्ष वातावरण में कराने हेतु सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया।
बैठक में पॉक्सो एवं एससी/एसटी एक्ट से संबंधित लंबित मामलों के समयबद्ध निपटान, हिट एंड रन मामलों में मुआवजा प्रस्ताव समय पर भेजने, तथा सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर बल दिया गया। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर विशेष उपाय करने और नियमित सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
पुराने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वारंट/कुर्की के क्रियान्वयन, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन, ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, आईटी एक्ट, सीसीए एवं साइबर अपराध से जुड़े मामलों में तेजी लाने को कहा गया। अनुसंधानकर्ताओं को ई-साक्ष्य प्रणाली में कांडों की प्रविष्टि सुनिश्चित करने तथा डीजीएसपी एवं आईजीएसपी कॉन्फ्रेंस पोर्टल पर थानावार अद्यतन प्रविष्टि करने का निर्देश दिया गया।
नक्सल मामलों के शीघ्र निष्पादन, पेट्रोलिंग पार्टी की क्यूआर कोड के माध्यम से निगरानी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने तथा JOFS एवं पीजी पोर्टल से संबंधित मामलों के निष्पादन में भी तेजी लाने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं जवाबदेही के साथ करें।
#JharkhandPolice #GarhwaPolice










