लुधियाना (पंजाब) पहुंचे पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा:
बोले- अब जनता बदलाव चाह रही, AAP ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया
भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा लुधियाना पहुंचें। जहां कार्यकर्ता उनका स्वागत किया। इस दौरान शर्मा ने पत्रकारों से बातचीत भी की
वहीं दूसरी ओर, भाजपा ने लुधियाना के लिए नए जिला अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। क्योंकि वर्तमान अध्यक्ष का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, इसी महीने के अंत तक लुधियाना भाजपा को नया जिला प्रधान मिल सकता है।
अश्वनी शर्मा ने कहा-7 जुलाई को मेरे को भाजपा की नई जिम्मेदारी मिली थी और मैंने 13 जुलाई को दफ्तर जाना शुरू कर दिया था। सिर्फ दो रात मैं पठानकोट गया हूं बाकी समय पंजाब में ही घूम रहा हूं। आज मैं बठिंडा में प्रोग्राम संपन्न करके लुधियाना आया हूं। शर्मा ने कहा कि पंजाब अब बदलाव चाह रहा है। ये जो 3 साल से सरकार पंजाब में चल रही है उससे लोग अब छुटकारा पाना चाहते है।
शर्मा ने कहा- 2027 में भाजपा पंजाब में अकेले चुनाव लड़ेगी। 2022 का विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में भी बीजेपी ने सभी सीटों पर अकेले ही मैदान में उतरकर लड़ाई लड़ी थी। शर्मा ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ता पूरे जोश से राज्य में कमल खिलाने में जुटे हैं।
उन्होंने AAP पर तंज कसते हुए कहा कि जब से ये सरकार बनी है, सिर्फ कुछ मुद्दों पर इनके नेता बोले है। लेकिन महिलाओं से किए वादों पर सरकार चुप है। 1 हजार रुपए देने के मुद्दे पर सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। पंजाब की हर महिलाओं का सरकार ने 42 हजार रुपए देना है।
अब अगले महीने 43 हजार रुपए हो जाएगा। 2027 में महिलाएं सरकार से इस सवाल का जवाब मांगेगी। AAP सरकार का महिलाओं से 1 हजार रुपए देना केवल चुनावी जुमला साबित हुआ है।
अश्वनी शर्मा ने कहा- अरविंद केजरीवाल ने लोगों से वादा किया था कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनाओ 30 दिनों में बेअदबी करने वालों को सजा देंगे। आज AAP सरकार बनने के बाद 300 से अधिक बेअदबियां हो चुकी है।
AAP सरकार की मंत्री रही अनमोल गगन मान खुद एमएसपी देने की गांरटी चुटकियां बजाकर देती थी, लेकिन खुद ही इस्तीफा देने लगी और फिर यू-टर्न उसने ले लिया। हरियाणा पंजाब से निकला है। वहां पर आधुनिक खेती हो रही है। हर फसल पर प्रदेश की सरकार एमएसपी दे रही है। सब्जियों पर भी एमएसपी हरियाणा सरकार दे रही है।
अश्वनी शर्मा ने कहा के आज पंजाब सरकार लैंड पुलिंग मामला लेकर आई है। किसान कह रहे है जबरदस्ती जमीन सरकार को देने के लिए हमारे पर दबाव बनाया जा रहा है। अश्वनी शर्मा ने कहा-आज मान की सरकार किसानों के साथ बड़ा स्कैम करने जा रही है, लेकिन भाजपा ऐसे होने नहीं देगी। हर समय भाजपा किसानों के साथ खड़ी है।
शर्मा ने कहा- यदि नशे की बात करें तो खुद मुख्यमंत्री नशे में रहते है वो क्या नशों के खिलाफ एक्शन लेंगे। शर्मा ने कहा- बेअदबी का कानून वह बना रहे है जो खुद नशा करके गुरु महाराज के पास चले जाते है।
अश्वनी शर्मा ने पंजाब का युवा कभी खेलों और बार्डर पर सीमा रक्षा के लिए जाना जाता था, लेकिन आज पंजाब का जवान गलियों की नालियों में गिरा मिल रहा है। जिस बच्चे को चिट्टे की लत लग जाती है तो उसे यदि एक दिन भी चिट्टे की डोज ना मिले तो उसे इलाज नहीं मिल पाता। नशा की सप्लाई अभी भी पंजाब में चल रही है। ये वही AAP की सरकार है जो लोगों से कहती थी कि बस एक मौका केजरीवाल को दीजिए।
पंजाबियों ने एक मौका देकर पंजाब बर्बाद कर लिया है। पंजाबियों ने पूरी तरह से आम आदमी पार्टी को पंजाब से समाप्त करने का मन बना लिया है। 2027 में मान सरकार पूरी तरह से सिमट जाएगी। कुछ राजनीतिक दल पंजाब के अंदर हिन्दू सिक्ख भाईचारे को खराब करने की कोशिश में लगे है।
उन्होंने कहा कि ये रिश्ता नाखून और मास का रिश्ता है। आतंकवाद को पंजाबियों ने ही समाप्त किया है। कई सरकारें आई और कई सरकारें गई। लेकिन बाबा गुरू नानक देव जी ने श्री करतारपुर साहिब कारीडोर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जरिए ही खुलवाया है। हम पंजाब में भाजपा की सरकार चाहते है, ताकि डबल इंजन सरकार पंजाब में विकास करे। पंजाब में बदलाव लाने के लिए भाजपा की आज जरूरत है।
#संभावित उम्मीदवारों के नामों पर भी हुई चर्चा#
बीते दिन भी भाजपा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी, जहां पार्टी के प्रमुख नेताओं ने इस प्रतिष्ठित पद के लिए संभावित उम्मीदवारों पर विचार-विमर्श किया। इसी मामले में आज अश्वनी शर्मा भी भाजपा के पदाधिकारियों के साथ विचार विमर्श किया।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और लुधियाना संगठन चुनाव अधिकारी केवल सिंह ढिल्लों और राज्य महिला मोर्चा अध्यक्ष और लुधियाना भाजपा पर्यवेक्षक जय इंदर कौर ने स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ बीते दिन व्यक्तिगत बैठकें भी कीं थी, जिसमें संभावित उम्मीदवार के नामों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
वरिष्ठ नेताओं ने कथित तौर पर स्थानीय नेतृत्व से जानकारी एकत्र की ताकि इस पद के लिए सर्वश्रेष्ठ नेता का चयन किया जा सके। पता चला है कि कई भाजपा नेताओं ने पार्टी की जिला इकाई का नेतृत्व करने में रुचि व्यक्त की है। मौजूदा जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान भी एक प्रमुख उम्मीदवार हैं जो दोबारा अपना कार्यकाल दोहराना चाहते हैं।
उनके अलावा, पूर्व जिला अध्यक्ष पुष्पिंदर सिंघल और पार्षद सुनील मौदगिल भी दौड़ में हैं। इस दौड़ में अन्य नेता गुरदीप गोशा, महेश शर्मा और यशपाल चौधरी हैं। चुनावों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जिले के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा दिए गए सुझावों के आधार पर भाजपा हर तीन साल में अपना जिला अध्यक्ष चुनती है।
सर्वेश राय
संवाददाता
लुधियाना