
दुद्धी में अनियंत्रित बाइक हादसा, साला-जीजा गंभीर रूप से घायल

दुद्धी में अनियंत्रित बाइक हादसा, साला-जीजा गंभीर रूप से घायल
दुद्धी सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रजखड़ गांव तिराहे के पास रविवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दोपहर लगभग 2 बजे नगवा से हथवानी की ओर जा रही एक पल्सर बाइक अनियंत्रित होकर अचानक सड़क पर फिसल गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक पर सवार दोनों युवक — साला और जीजा — गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना रजखड़ तिराहे से करीब सौ मीटर आगे और कोतवाली से मात्र सौ मीटर की दूरी पर हुई, जिससे आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक राजेश कुमार (22) पुत्र श्रीकिशुन निवासी बघाडू अपने जीजा हरदेव (30) पुत्र छोटेलाल निवासी मुर्धवा खाड़पाथर को लेकर नगवा से हथवानी की ओर जा रहा था। बाइक की रफ्तार सामान्य बताई जा रही है, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नियंत्रण खो बैठा और दोनों सड़क पर गिर पड़े। गिरने के बाद दोनों को गंभीर चोटें आईं और वे तड़पने लगे।
हादसा होते ही आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर लिटाया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और तत्काल एंबुलेंस की व्यवस्था कराई। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा गया।
सीएचसी दुद्धी में चिकित्सक डॉ. शाह आलम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि हरदेव की हालत नाजुक है, जिसके चलते उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं बाइक चालक राजेश का इलाज फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी में ही चल रहा है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और चौक-तिराहों पर स्पीड कंट्रोल के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। हादसे की खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई, जिससे परिजनों में भी कोहराम मच गया है।














