A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

अमित शाह ने Gmail छोड़ा, अब स्वदेशी Zoho Mail का करेंगे इस्तेमाल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विदेशी ईमेल सेवा Gmail को छोड़कर भारतीय कंपनी Zoho Mail को अपनाया है। शाह ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी दी कि उन्होंने अपनी नई ईमेल आईडी Zoho Mail पर बना ली है और अब सभी लोग भविष्य में इसी पते पर मेल भेजें।

> “मैंने Zoho Mail पर स्विच कर लिया है। कृपया मेरे ईमेल एड्रेस में हुए बदलाव पर ध्यान दें। मेरा नया ईमेल एड्रेस है — amitshah.bjp@zohomail.in। भविष्य में मेल द्वारा पत्राचार के लिए कृपया इसी ईमेल एड्रेस का उपयोग करें।” — अमित शाह

Zoho Mail: भारत का अपना सुरक्षित ईमेल प्लेटफॉर्म

Zoho Mail पूरी तरह भारतीय कंपनी Zoho Corporation द्वारा विकसित ईमेल क्लाइंट है, जिसकी स्थापना श्रीधर वेंबु ने की थी। यह एक विज्ञापन-मुक्त (Ad-free) और एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड सेवा है, जो उपयोगकर्ताओं का डेटा किसी विज्ञापनदाता से साझा नहीं करती।
इसमें पर्सनल, बिजनेस और प्रमोशनल मेल्स के लिए अलग-अलग टैब्स, साथ ही कैलेंडर, नोट्स और कॉन्टैक्ट्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।

शिक्षा मंत्रालय भी दे चुका है स्वदेशी बढ़ावा

इससे पहले 3 अक्टूबर 2025 को शिक्षा मंत्रालय ने सभी सरकारी दफ्तरों को अपने डॉक्यूमेंट्स से जुड़े कार्यों में Zoho Office Suite का उपयोग करने के निर्देश दिए थे। इससे सरकार की डिजिटल आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और मजबूत कदम माना जा रहा है।

Zoho की सफलता की कहानी

साल 1996 में श्रीधर वेंबु ने अपने भाइयों और मित्र टोनी थॉमस के साथ मिलकर AdventNet नाम से कंपनी की शुरुआत की थी, जिसे 2009 में Zoho Corporation नाम दिया गया।
आज कंपनी के 50 से अधिक क्लाउड-बेस्ड सॉफ्टवेयर 180 देशों में 1 करोड़ से ज्यादा उपयोगकर्ताओं द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे हैं। CRM, अकाउंटिंग, ईमेल, और HR मैनेजमेंट जैसे क्षेत्रों में Zoho का वैश्विक स्तर पर बड़ा नाम है।

वेंबु 2019 में अमेरिका छोड़कर अपने गृह राज्य तमिलनाडु के तेनाकासी जिले के एक गांव में बस गए और वहीं से कंपनी का संचालन शुरू किया। उनका मानना है कि भारत के गांव भी तकनीकी नवाचार और रोजगार का केंद्र बन सकते हैं।

भारत का गौरव: श्रीधर वेंबु

2024 की Forbes सूची में श्रीधर वेंबु भारत के 39वें सबसे अमीर व्यक्ति रहे, जिनकी संपत्ति करीब 5.85 बिलियन डॉलर आंकी गई। वे पूरी तरह स्वदेशी, बूटस्ट्रैप्ड कंपनी चलाते हैं — यानी Zoho ने किसी बाहरी निवेश के बिना विश्वस्तरीय सफलता हासिल की है।

Jitendra Maurya

Vande Bharat Live TV News Ghazipur Uttar Pradesh India
Back to top button
error: Content is protected !!