
सिद्धार्थनगर के कठेला थाना क्षेत्र में मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस ने मनचलों पर कार्रवाई की और महिलाओं व बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। इस दौरान पांच मनचलों को माफीनामा भरवाकर परिजनों को सौंपा गया, जबकि वाहन चेकिंग में दो वाहनों का 2000 रुपये का ई-चालान किया गया।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन के आदेश पर और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ प्रवीण प्रकाश के निर्देशन तथा थानाध्यक्ष अभय सिंह की उपस्थिति में यह कार्रवाई हुई।
अभियान के तहत बालक-बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और ‘गुड टच-बैड टच’ के बारे में जानकारी दी गई। ग्राम धोबहा में चौपाल लगाकर महिलाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बनाने के लिए जागरूक किया गया।
सार्वजनिक स्थलों जैसे चौराहों, बाजारों और कोचिंग संस्थानों को असामाजिक तत्वों से मुक्त कराने पर जोर दिया गया। महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़खानी, अभद्रता या अश्लील टिप्पणियों जैसी घटनाओं से बचने के लिए उन्हें विभिन्न टोल फ्री हेल्पलाइन नंबरों से अवगत कराया गया। इनमें 1090 (वुमेन पावर), 112 (पुलिस सहायता), 1076 (मुख्यमंत्री), 1098 (चाइल्ड केयर), 108 (एम्बुलेंस), 102
गर्भवती महिलाओं के लिए एम्बुलेंस), 101 (अग्निशमन), 1930 (साइबर) और 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) शामिल हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इसे बहुत उपयोगी बताया और कहा कि ऐसे कार्यक्रम आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं तथा जीवन में सशक्त और निडर होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इस अभियान में थानाध्यक्ष अभय सिंह, उपनिरीक्षक शिवशंकर शर्मा, उपनिरीक्षक आनंद कुमार, हेड कांस्टेबल विनोद गौड़, हेड कांस्टेबल कमलेश यादव और महिला कांस्टेबल करिश्मा शामिल रहे।





