

卐 आप सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाऐं 卐
शुक्रवार 17 अक्टूबर 2025-: छत्तीसगढ प्रदेश निर्माण हुए 25 वर्ष पूरे होने जा रहें हैं। इस अवसर पर छत्तीसगढ सरकार द्वारा राज्य निर्माण उत्सव मनाने की तैयारी भी बड़े जोर शोर से की जा रही है। तीन दिवसीय राज्य उत्सव 02 नवंबर से लेकर 04 नवंबर 2025 तक जीपीएम जिले के पेन्ड्रारोड के गुरूकुल विद्यालय के खेल मैदान में भी आयोजित किया जायेगा। जानकारी अनुसार इसके साथ ही 01 नवंबर से 05 नवंबर तक जिले के सभी शासकीय कार्यालयों में आकर्षक विद्युत प्रकाश की सजावट भी की जायेगी। छत्तीसगढ राज्य उत्सव तैयारियों की समीक्षा के आज शुक्रवार 17 अक्टूबर को जिला कलेक्टर कमलेश लीना मंडावी जी तथा पुलिस अधीक्षक एसआर भगत जी ने कलेक्ट्रेट अरपा सभाकक्ष में अधिकारियों की एक बैठक भी आयोजित की।
बैठक मे आयोजन को गरिमामय भव्य बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को जवाबदारी सौंपी गई। आयोजन स्थल के मैदान समतलीकरण, मंच निर्माण, सजावट , विद्युत लाइटिंग, माइक साउंड सिस्टम, चलित शौचालय व्यवस्था, पेयजल की व्यवस्था, अग्निशमन वाहन तथा सुरक्षा व्यवस्था, जैसे महत्वपूर्ण कार्यो को समय से पूर्ण करने के लिए निर्देश दिए गए। इसके साथ ही मुख्य अतिथि के निर्धारण के बाद आमंत्रण पत्रों की छपाई विवरण आदि को लेकर भी दिशा निर्देश दिए गए। प्राप्त जानकारी अनुसार छत्तीसगढ राज्य उत्सव मे जिले के विभिन्न विभागों की ओर से छत्तीसगढ राज्य के 25 वर्ष की विकास यात्रा तथा उपलब्धियों पर आधारित एक प्रदर्शनी भी लगाए जाने की योजना है। इसके अतिरिक्त इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों का मेला खाद्य सामग्री की स्टॉल,खेल गतिविधियां भी इस अवसर पर लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहेंगी।





