

डीडवाना-कुचामन जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत ने गुरुवार को राजस्व अर्जन से जुड़े विभागों की बैठक लेकर राजस्व लक्ष्यों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने परिवहन,खनन,आबकारी, वाणिज्य कर तथा पंजीयन विभाग के राजस्व अर्जन के लक्ष्यों की समीक्षा कर राजस्व अर्जन बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आबकारी अधिकारी को जिले में अवैध शराब की बिक्री पर रोकथाम करने, होटल व रेस्टोरेंट में शराब बेचने पर कारवाई करने, हाईवे किनारे शराब की दुकानों की जांच करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलक्टर ने परिवहन अधिकारी को बिना परमिट व फिटनेस वाले वाहनों पर कारवाई करने एवं बसों की जांच करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने खनन विभाग के अधिकारी को अवैध खनन पर रोक लगाने और बकाया राजस्व की वसूली के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने पंजीयन विभाग और वाणिज्य कर विभाग को भी बकाया राजस्व अर्जित कर निर्धारित समय में लक्ष्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर मोहन लाल खटनावलिया, जिला परिवहन अधिकारी सुप्रिया विश्नोई, खनन अभियंता ललित मंगल, तहसीलदार ओमप्रकाश मेव सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।







