
दरभंगा, 18 अक्टूबर 2025: बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 की तैयारियों को लेकर आज समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ.भीमराव अंबेडकर सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रेक्षक महोदय ने की, जिसमें जिले के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाची पदाधिकारी, कोषांगों के नोडल एवं वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में प्रत्येक कोषांग की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। ईवीएम कोषांग ने बताया कि प्रथम रेंडमाइजेशन पूरा हो चुका है, जबकि कार्मिक कोषांग ने कर्मियों के प्रथम रेंडमाइजेशन की जानकारी दी। प्रशिक्षण कोषांग ने बताया कि प्रथम चरण का प्रशिक्षण समाप्त हो चुका है और द्वितीय चरण शीघ्र आयोजित होगा। प्रेक्षक ने मास्टर ट्रेनर सत्र में सभी की अनिवार्य उपस्थिति पर जोर दिया।
स्वीप कोषांग ने मतदान जागरूकता के लिए जीविका दीदी, आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका के माध्यम से अभियान की जानकारी दी। प्रेक्षक ने निर्देश दिया कि मतदान के दिन सभी 3329 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग सुनिश्चित हो और नेटवर्क व सीसीटीवी व्यवस्था पूरी तरह से तैयार रहे।
विद्युत विभाग को भी निर्देश दिया गया कि मतदान के दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। प्रेक्षक ने फेकला चेक पोस्ट पर नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने सभी निर्वाची पदाधिकारियों से निर्वाचन कार्य निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने का आग्रह किया।
बैठक में विधानसभा क्षेत्रों 78-कुशेश्वरस्थान, 80-बेनीपुर, 82-दरभंगा ग्रामीण, 83-दरभंगा, 84-हायाघाट, 86-केवटी और 87-जाले के सामान्य प्रेक्षक, जिला निर्वाचन पदाधिकारी श्री कौशल कुमार, सहायक समाहर्ता परीक्षित और सभी वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।




















