
चित्रसेन घृतलहरे, 31 अक्टूबर 2025/सारंगढ़ //लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर जिले में राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। युवाओं में राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना जागृत करने के उद्देश्य से ‘‘यूनिटी मार्च’’ अंतर्गत एकता दौड़ का आयोजन प्रातः 6:30 बजे कलेक्ट्रेट परिसर सारंगढ़ से खेलभांठा मैदान तक किया गया।
इस दौड़ में जिले के सैकड़ों स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक, स्काउट-गाइड, एनसीसी एवं एनएसएस के स्वयंसेवक उत्साहपूर्वक शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनसमूह को कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के शुभारंभ में अतिथियों द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय, सदस्य दिनेश जांगड़े, सत्ताधारी दल की अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व अध्यक्ष सुभाष जालान, मनोज जायसवाल, सतीश शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
प्रशासनिक अधिकारियों में अपर कलेक्टर प्रकाश सर्वे, सीईओ जिला पंचायत इंद्रजीत बर्मन, रेडक्रॉस जिला समन्वयक लिंगराज पटेल, खेल अधिकारी कौशल ठेठवार यादव, स्काउट के जिला संयोजक भगवानदास बसंत सहित जिले के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य देश के प्रथम गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण और अखंड भारत की परिकल्पना को युवाओं तक पहुंचाना रहा।













