
सिद्धार्थनगर में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देना था। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद तथा क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत शौरयान के पर्यवेक्षण में सोनखर गांव में संपन्न हुआ।

महिला थाना की टीम उन ग्रामीण महिलाओं तक पहुंचीजो विभिन्न कारणों से थाने नहीं आ पाती हैं। सम्मेलन में महिलाओं को मिशन शक्ति केंद्र की भूमिका, सुरक्षा से जुड़े नए कानून, साइबर अपराध, घरेलू हिंसा और सोशल मीडिया पर होने वाले अपराधों से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। जागरूकता बढ़ाने के लिए फिल्म और वीडियो के माध्यम से उदाहरण भी प्रस्तुत किए गए।

इस दौरान मिशन शक्ति 5.0 के स्टिकर भी वितरित किए गए। कार्यक्रम में महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई, जिनमें 1090 (वीमेन पावर लाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 112 (पुलिस हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड केयर लाइन), 108 (एम्बुलेंस), 101 (फायर हेल्पलाइन), 14567 (एल्डर हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) शामिल हैं।
उन्हें आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीके बताए गए। साथ ही, मुख्यमंत्री द्वारा सभी थानों में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र के उपयोग और शिकायत दर्ज कराने की सुविधाओं से भी अवगत कराया गया।



