

🚨 ब्रेकिंग न्यूज़ : फरीदाबाद में आतंकी मॉड्यूल का बड़ा भंडाफोड़ — 2900 किलो विस्फोटक बरामद, जैश-ए-मोहम्मद कनेक्शन का खुलासा! 🚨
फरीदाबाद / श्रीनगर / सहारनपुर —
देश की सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी कामयाबी मिली है। हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक बड़े मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। क्राइम ब्रांच और जम्मू-कश्मीर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अब तक कुल 2,913 किलो विस्फोटक, असॉल्ट राइफलें, जिंदा कारतूस, टाइमर और कई हथियार बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर तगा गांव में हुए ताजा सर्च ऑपरेशन में पुलिस ने 2,563 किलो विस्फोटक सामग्री जब्त की है। इससे पहले फरीदाबाद के धोज क्षेत्र में एक अन्य घर से 350 किलो विस्फोटक, क्रिनकोव असॉल्ट राइफल, 83 जिंदा राउंड, एक पिस्टल, दो मैगजीन और चार टाइमर डिवाइस बरामद की गई थीं।
इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी मुजम्मिल, जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले का रहने वाला है और फरीदाबाद के अल-फलाह मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में कार्यरत था। वह पिछले साढ़े तीन साल से धोज क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि फतेहपुर तगा गांव में मिला दूसरा घर भी मुजम्मिल ने किराए पर लिया था, जिसे एक स्थानीय मौलाना ने किराए पर दिया था — मौलाना को भी हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस आतंकी नेटवर्क के धागे श्रीनगर से लेकर हरियाणा और उत्तर प्रदेश तक फैले हुए हैं। हाल ही में सहारनपुर के डॉ. आदिल अहमद राठर की गिरफ्तारी के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस को अहम सुराग मिले थे। राठर पर जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने और आतंकियों की मदद करने का आरोप है। उसकी पूछताछ के दौरान ही मुजम्मिल का नाम और ठिकाना सामने आया, जिसके बाद हरियाणा पुलिस ने एक के बाद एक दो स्थानों पर छापेमारी की और भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया।
फरीदाबाद पुलिस कमिश्नर सतेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि बरामद विस्फोटक एमोनियम नाइट्रेट होने की आशंका है और इसके साथ 20 टाइमर व कई बैटरी डिवाइस भी मिली हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से आए, किन स्थानों पर भेजे जाने थे, और इनके जरिए किस बड़ी साजिश को अंजाम देने की योजना थी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार दोनों डॉक्टरों — डॉ. मुजम्मिल और डॉ. आदिल अहमद राठर — से पूछताछ जारी है। दोनों की जैश-ए-मोहम्मद और अन्य अंतरराष्ट्रीय आतंकी संगठनों से संभावित कनेक्शन की जांच की जा रही है। इस पूरे प्रकरण को लेकर हरियाणा, यूपी और जम्मू-कश्मीर पुलिस के बीच लगातार समन्वय बना हुआ है।
देशभर में अब तक 7 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और जांच एजेंसियों ने जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, दिल्ली और यूपी के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि यह नेटवर्क भारत में आतंकी हमलों की बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में था।
🕵️♂️ सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार, यह अब तक का हरियाणा और उत्तर भारत का सबसे बड़ा विस्फोटक बरामदगी मामला बताया जा रहा है।
✍️ ब्यूरो रिपोर्ट – एलिक सिंह
संपादक – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
📍सहारनपुर
📞 8217554083











