

कैमूर जिले में दर्दनाक सड़क हादसा — टेंपो और ट्रक की टक्कर में एक महिला की मौत, आठ लोग गंभीर रूप से घायल
कैमूर।
जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत मामा देवगांव के पास एनएच-319 पर गुरुवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि एक टेंपो और ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई, जिसमें एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो में सवार आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की तत्परता से सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल मोहनियां लाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सभी लोग मामा देवगांव के निवासी हैं जो बीती रात मोहनिया शहर स्थित होंडा एजेंसी के पास राधे कृष्णा मैरेज हॉल में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। शादी समारोह समाप्त होने के बाद वे देर रात टेंपो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान मामा देवगांव के पास एनएच-319 पर सामने से आ रहे ट्रक से टेंपो की भिड़ंत हो गई।

मृतका और घायलों की पहचान
इस हादसे में मामा देवगांव निवासी धीरेंद्र कुशवाहा की 39 वर्षीय पत्नी देवंती देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों की पहचान इस प्रकार की गई है—
संतोष पासी (35 वर्ष), पिता रामलाल पासी
सरोज मौर्य (35 वर्ष), पिता वकील मौर्य
रीता देवी (35 वर्ष), पत्नी महेंद्र सिंह
निधि कुमारी (16 वर्ष), पुत्री राजगिरी सिंह
उषा देवी (40 वर्ष), पत्नी राजगिरी सिंह
सुगंधा देवी (38 वर्ष), पत्नी कैलाश सिंह
रीना देवी (40 वर्ष), पत्नी शिव वचन
जमुना देवी (40 वर्ष), पत्नी ईश्वर
सभी घायलों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
हादसे के बाद सड़क पर जाम, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-319 पर मामा देवगांव के पास थोड़ी देर के लिए सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही मोहनियां थाना पुलिस मौके पर पहुँची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया। पुलिस ने मौके से ट्रक को जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस का बयान
मोहनियां थाना अध्यक्ष ने बताया कि “मामा देवगांव के पास एनएच-319 पर टेंपो और ट्रक की टक्कर में एक महिला की मौत हुई है, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।”
स्थानीय स्तर पर शोक की लहर
इस हादसे से मामा देवगांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर रात्रिकालीन गति नियंत्रण और अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।












