A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

धनबाद/झरिया गोलीकांड : मृतक प्रेम यादव का शव लेकर परिजन रवाना, अस्पताल परिसर में माहौल गमगीन

धनबाद। झरिया में मंगलवार को हुए सनसनीखेज गोलीकांड में मारे गए प्रेम यादव का पोस्टमार्टम बुधवार को एसएनएमएमसीएच में संपन्न हुआ। शव प्राप्त करने पहुंचे मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। प्रेम यादव के पिता सुनील राय अस्पताल परिसर में ही बेसुध हो गए और बार-बार बेटे की मौत को साजिश का नतीजा बताते रहे।

घटना मंगलवार दोपहर की है, जब झरिया के कतरास मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के पास तीन बाइक सवार अपराधियों ने प्रेम यादव को नजदीक से गोली मार दी। गोली सिर में लगने से वह मौके पर ही गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

धनबाद सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रेम यादव बिहार के सारण जिले के मकेर थाना क्षेत्र के फूलवारिया गांव का निवासी था। वह भेल्दी थाना क्षेत्र के राहुल पांडेय हत्याकांड में वांछित था और बीते एक महीने से धनबाद में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, यह हत्या उसी पुराने हत्याकांड के बदले की कार्रवाई मानी जा रही है।

वहीं, मृतक के पिता ने पुलिस के आरोपों को नकारते हुए कहा कि प्रेम को दोनों मामलों में फर्जी रूप से फंसाया गया था। उन्होंने दावा किया कि उनका बेटा झरिया में रहकर ट्रांसपोर्ट का काम कर रहा था और किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल नहीं था।

पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर अपने गांव के लिए रवाना हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Back to top button
error: Content is protected !!