A2Z सभी खबर सभी जिले कीछत्तीसगढ़बलौदा बाजार

चोरी की घटना पर त्वरित कार्रवाई : आरोपी हिरासत में, पुलिस ने बरामद किए चांदी के जेवर व नगदी

आभास शर्मा / बलौदाबाजार(जिला प्रमुख )

ग्राम मोतीपुर में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश – आरोपी गिरफ्तार, चांदी के जेवर और नगदी सहित पूरा सामान बरामद

थाना कसडोल पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई चोरी की गंभीर घटना का त्वरित खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया संपूर्ण सामान बरामद कर लिया है।

प्रार्थिया अमृत बाई केंवट निवासी ग्राम मोतीपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 21.11.2025 की सुबह वह खेत में काम करने गई थी, इस दौरान घर में कोई नहीं था। करीब दो घंटे बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का ताला टूटा हुआ है और अलमारी में रखे चांदी के जेवर और नगदी रकम कुल ₹32,000 पर हाथ साफ किया गया है।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कसडोल में अपराध क्र. 688/2025 धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना शुरू की गई।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के कुशल निर्देशन में थाना कसडोल पुलिस की टीम ने सूक्ष्म जांच एवं ग्रामीणों से विस्तृत पूछताछ की। घटनास्थल के आस-पास संदिग्ध रूप से घूमने वाले व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी गई। जांच के दौरान जिला जांजगीर-चांपा निवासी संदेही आरोपी विमल कौशिक को हिरासत में लिया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने मकान को सूना पाकर अलमारी का ताला तोड़कर चांदी के जेवर एवं ₹2200 नगदी रकम चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी से चोरी गया चांदी का जेवर, नगदी रकम सहित कुल ₹32,000 का संपूर्ण सामान बरामद कर लिया है।

थाना कसडोल पुलिस को इस मामले में शत-प्रतिशत चोरी का सामान बरामद करने में सफलता मिली है, जो पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्यवाही को दर्शाता है।

आरोपी विमल कौशिक, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम तिलाई, थाना सिटी कोतवाली जांजगीर जिला जांजगीर-चांपा को आज दिनांक 22.11.2025 को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है।

थाना कसडोल पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही से ग्रामीणों में विश्वास और सुरक्षा का संदेश गया है।

Back to top button
error: Content is protected !!