A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

विद्यालय के संचालक द्वय अभिषेक तिवारी एवं टुकेश्वर वर्मा ने कार्यक्रम की सफलता पर समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहयोगी सदस्यों को बधाई दी

IMG 20251126 130248

बलौदाबाजार। जिला मुख्यालय स्थित इंग्लिश मीडियम विद्यालय एक्स्ट्राआर्डिनरी क्लास वर्ल्ड स्कूल में बच्चों के बौद्धिक, रचनात्मक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘यम्मी यंडर फूड फेस्टिवल-2025’ का भव्य आयोजन किया गया। पूरे विद्यालय प्रांगण में विविध थीम पर आधारित सजावट, बच्चों की ऊर्जा और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने आयोजन को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के नन्हे बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता से हुई। किसी ने नदी की कलकल धारा का रूप लिया तो कोई ऊँचे पहाड़ जैसा अडिग दिखा। सूरज, चाँद, तारे, पेड़-पौधे, जंगल, अलग-अलग जीव-जंतु, तथा संपूर्ण ब्रह्मांड की मनमोहक झांकी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच पर बच्चों का आत्मविश्वास, संवाद-अभिनय और प्रस्तुति देखकर अभिभावकों ने तालियों से स्वागत किया।

कक्षा पहली से दसवीं तक के छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने समूह में छत्तीसगढ़ी, भारतीय पारंपरिक, देशी और चायनीज स्वादों से भरपूर विविध व्यंजनों की शानदार प्रस्तुति दी।
कहीं लाल भाजी, चीला, फरा, बोरे बासी की छत्तीसगढ़ी महक थी, तो कहीं दक्षिण भारतीय व्यंजनों का जायका। दूसरी ओर मोमोज, नूडल्स, मंचूरियन से सजे काउंटर बच्चों की पाक कला का बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे थे। हर स्टॉल पर बच्चों ने स्वयं मेन्यू की जानकारी दी, सजावट की और व्यंजनों के पोषण मूल्य भी समझाए—जिससे आयोजन केवल फूड फेस्टिवल न होकर एक शिक्षाप्रद गतिविधि बन गया।

फूड फेस्टिवल में पहुंचे अभिभावकों ने छात्रों की रचनात्मकता, मेहनत और आत्मनिर्भरता की भरपूर सराहना की। बच्चों के साथ शामिल होकर उन्होंने स्वाद और सीख—दोनों का आनंद उठाया।

विद्यालय के संचालक द्वय अभिषेक तिवारी एवं टुकेश्वर वर्मा ने कार्यक्रम की सफलता पर समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं सहयोगी सदस्यों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मकता, टीमवर्क और व्यवहारिक ज्ञान तेजी से विकसित होता है। साथ ही उन्होंने बच्चों के उत्साहवर्धन हेतु बड़ी संख्या में उपस्थित अभिभावकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में विजेता बालक-बालिकाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया और सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई। विद्यालय परिवार ने भविष्य में भी ऐसे सृजनात्मक और कौशल आधारित आयोजनों की निरंतरता बनाए रखने का संकल्प दोहराया।

Back to top button
error: Content is protected !!