
30/11/2025

चैनपुर में विकास की जीत हुई है: मोहम्मद जमा खान
चैनपुर विधानसभा में विकास की राजनीति एक बार फिर मजबूत होती दिखाई दे रही है। क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक तथा बिहार सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद जमा ख़ान ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि चैनपुर की जनता ने इस बार जाति-पाति नहीं, बल्कि विकास को आधार बनाकर वोट किया है।
उन्होंने कहा कि “एनडीए सरकार और हमारे नेता, विकास पुरुष मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा किए गए कार्यों को देखते हुए चैनपुर की जनता ने हमें अपना समर्थन दिया है।” मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वे चैनपुर के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास करने को पूरी तरह तैयार हैं।
मोहम्मद जमा खान ने बताया कि क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार से जुड़े कई योजनाओं पर पहले से काम चल रहा है और आने वाले समय में इन प्रयासों को और गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर घर तक मूलभूत सुविधाएँ पहुँचाने की है और चैनपुर इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, और वे इस भरोसे को मजबूत रखने के लिए निरंतर ग्राउंड पर काम करते रहेंगे। मंत्री ने यह भी संकेत दिया कि आने वाले महीनों में कई नई परियोजनाओं की घोषणा की जाएगी, जिससे चैनपुर प्रखंड के विकास की रफ्तार और तेज होगी।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)





