

कांठ (मुरादाबाद)। आगामी सावन की कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में सोमवार शाम पुलिस क्षेत्राधिकारी कांठ सुनीता दहिया ने कस्बा कांठ में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा कांवड़ यात्रा मार्ग और प्रस्तावित कांवड़िया सेवा शिविरों के स्थानों का भौतिक सत्यापन किया।

पैदल गश्त के दौरान सीओ सुनीता दहिया ने मुख्य चौराहों, प्रमुख मार्गों तथा उन स्थानों का निरीक्षण किया, जहां सावन माह में कांवड़ियों की अधिक आवाजाही रहती है। उन्होंने कांवड़ सेवा शिविर संचालकों एवं स्थानीय लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा या समस्या होने पर तत्काल पुलिस को सूचित करने की अपील की।सीओ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए यात्रा मार्ग का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक कांठ सुदेश पाल सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
रिपोर्ट: पंकज कुमार।✍️






