
1/12/2025

हाटा बाज़ार मुख्य मार्ग पर जाम से जनजीवन प्रभावित, प्रशासन से ‘वन-वे’ व्यवस्था लागू करने की मांग
कैमूर जिला के चैनपुर प्रखंड अंतर्गत नगर पंचायत हाटा में इन दिनों मुख्य बाजार सड़क पर लगातार जाम की स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोगों और दुकानदारों के अनुसार, भारत माला परियोजना के तहत मसोई में चल रहे मिट्टीकरण कार्य हेतु भारी वाहनों द्वारा दिन-रात मिट्टी ढुलाई की जा रही है। इन वाहनों का आवागमन हाटा बाजार के मुख्य मार्ग से हो रहा है, जिसके कारण सड़क पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रहती है।
प्रतिदिन सैकड़ों लोग स्कूली बच्चे, कामकाजी लोग, मरीज और व्यापारी-इस समस्या से गंभीर रूप से प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि भारी ट्रकों के गुजरने से सड़क पर भीड़ बढ़ जाती है और वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आवागमन लगभग ठप हो जाता है। कई बार एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी जाम में फँसना पड़ रहा है, जिससे बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों और बाजारवासियों ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि स्थिति को देखते हुए तुरंत किसी एकल मार्ग (One Way) व्यवस्था या वैकल्पिक रूट की घोषणा की जाए, ताकि जाम से राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि समय रहते प्रशासन ने समाधान नहीं निकाला और कोई अप्रिय घटना घटित होती है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी, क्योंकि पहले ही समस्या से अवगत कराया जा चुका है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विकास कार्य महत्वपूर्ण है, लेकिन इसके साथ आम जनता की सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखना भी उतना ही आवश्यक है। फिलहाल लोगों की नजरें प्रशासनिक कदमों पर टिकी हुई हैं।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट )












