

निवाड़ी जिले में रामराजा सरकार की नगरी ओरछा में मुख्य सचिव, मध्यप्रदेश शासन अनुराग जैन रविवार को एक दिवसीय प्रवास पर पर्यटन नगरी ओरछा पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने ओरछा के विभिन्न निर्माण कार्यस्थलों का निरीक्षण किया एवं सभी विकास कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
प्रवास के दौरान मुख्य सचिव ने सर्वप्रथम श्री रामराजा मंदिर पहुंचकर श्रीराम राजा सरकार के दर्शन किए। मंदिर दर्शन के उपरांत मुख्य सचिव ने जुझार सिंह महल एवं हरदौल वाटिका का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि वेंडर जोन का निर्माण इस तरह से सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटकों को आवागमन में सुविधा मिल सके। खजुराहो महोत्सव को ध्यान में रखते हुए बुंदेलखंड सांस्कृतिक महोत्सव करने का प्लान तैयार किया जाए। इसके बाद उन्होंने आर्कियोलॉजिकल पार्क पहुंचकर निर्देश दिए कि ओरछा का मास्टर प्लान तैयार करें। पीपीपी मोड पर चल रहे कार्यों में स्थानीय नागरिकों भागीदारी सुनिश्चित करें जिससे उन्हें रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
इसी क्रम में मुख्य सचिव कंचना घाट पर पहुंचे। जहां उन्होंने बेतवा नदी पर स्थित नवीन ब्रिज निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कंचना घाट पर संचालित पिंक टॉयलेट को सेल्फ हेल्प ग्रुप को देने के निर्देश दिए। इस अवसर ओर उन्होंने संरक्षित भवनों की स्थिति, पर्यटक सुविधाओं और आवश्यक रखरखाव उपायों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि इन धरोहरों को संरक्षित रखना हमारी जिम्मेदारी है।
इसके बाद उन्होंने राय प्रवीण महल एवं तुलसी घाट का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण किए जाएँ। इसके बाद मुख्य सचिव श्री जैन ने जहांगीर महल का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने होटल बेतवा रिट्रीट में श्रीराम राजा लोक और ओरछा में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएँ समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएँ, ताकि ओरछा को एक विश्वस्तरीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सके। समीक्षा के दौरान उन्होंने निर्देश दिए कि ओरछा शहर के आर्थिक, सामाजिक विकास को देखते हुए इंटीग्रेटेड मास्टर प्लान तैयार किया जाए। वर्तमान समय में आ रहे पर्यटकों एवं भविष्य में आने वाले पर्यटकों की संभावनाओं को देखते हुए कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर की सभी होटलों की स्टार रेटिंग कराई जाए। जुझार सिंह महल को बुंदेलखंड सांस्कृतिक केंद्र की तर्ज पर विकसित किया जाए। एडवेंचर स्पोर्ट्स को बढ़ावा दिया जाए। बुंदेली कला, पेंटिंग एवं टेराकोटा से बनने वाले उत्पादों की मार्केटिंग और ब्रांडिंग की जाए और उन्हें ऑनलाइन प्लेटफार्म पर लाकर विक्रय किया जाए। इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमति जमुना भिडे, पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया, जिला पंचायत सीईओ एवं प्रभारी अधिकारी डीएटीसीसी श्री रोहन सक्सेना, अधीक्षण यंत्री श्री राजीव श्रीवास्तव, एसडीएम, तहसीलदार, एई, विभागीय अधिकारी सहित कंसल्टेंट मौजूद रहे।










