
8/12/2025

गुलाम सरवर मददगार मुस्लिम मुसाफिरखाना में जिला वक्फ़ कमेटी की अहम बैठक, उम्मीद पोर्टल रजिस्ट्रेशन पर विस्तृत चर्चा
कैमूर। जिले के गुलाम सरवर मददगार मुस्लिम मुसाफिरखाना में आज जिला वक्फ़ कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कमेटी के सभी ओहदेदारों के साथ जिले भर से आए मुस्लिम समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता जिला वक्फ़ कमेटी के सदर नौशेर अली ने की।
बैठक का प्रमुख विषय था- जिले के विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थानों जैसे कब्रिस्तान, ईदगाह, दरगाह, इमामबाड़ा, मस्जिद, मदरसा आदि को उम्मीद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराने की प्रक्रिया और उससे जुड़ी दिक्कतों का समाधान।

बैठक में बताया गया कि इन संस्थानों के रजिस्ट्रेशन के लिए पहले 5 दिसंबर 2025 तक की समयसीमा निर्धारित थी, लेकिन काम की बढ़ती प्रकृति और तकनीकी बाधाओं को देखते हुए इस समय सीमा को तीन महीने और बढ़ा दिया गया है। इस निर्णय का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया और इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया।
बैठक के दौरान उम्मीद पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के दौरान आ रही तकनीकी परेशानियों, दस्तावेज़ सत्यापन और डेटा अपलोड जैसी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा हुई। कमेटी ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा, ताकि सभी संस्थानों का समय पर और सुचारू तरीके से रजिस्ट्रेशन पूरा हो सके।
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला वक्फ़ कमेटी के पदाधिकारियों के साथ-साथ समाज के कई सम्मानित लोग उपस्थित रहे। इनमें प्रमुख रूप से -रमज़ान अंसारी, माशूक खान, असलम खान, लियाकत अंसारी, खुर्शीद असलम, अबु हसन, शब्बीर खान, आफताब, मास्टर ख़ालिद, हाजी नीसार, रुस्तम सहित अनेक अन्य लोग शामिल थे।
सभी ने एक स्वर में वक्फ़ संपत्तियों के संरक्षण और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को समय पर पूरा करने की अपील की
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)










