
वंदेभारतलाइवटीव न्युज/ समृद्धभारत ई समाचार पत्र
सोमवार 8दिसंबर 2025-
================= छग राज्य के कोटा विधानसभा से विधायक श्री अटल श्रीवास्तव जी ने गौरेला पेन्ड्रा मरवाही जिले से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब हालत कै देखते हुए इस पर कई प्रकार के सवाल उठाए हैं। रतनपुर- पेन्ड्रा खंड पर सड़क की हो रही दुर्दशा के कारण हाल ही में एक बस दुर्घटना भी हो चुकी है जिसमें एक व्यक्ति की मौत भी हो जाने के बाद यहां जनाक्रोश भी है। गत 06 दिसंबर 2025 को कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव जी ने स्वयं इस सड़क का निरिक्षण किया और सड़क निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर कई तरह से सवाल भी खड़े किए है। यह हाइवे मार्ग गौरेला- पेन्ड्रा मरवाही जिले के साथ ही अमरकंटक और मध्यप्रदेश के जबलपुर को भी बिलासपुर- रतनपुर से जोड़ता है। मालूम हो कि छग को मध्यप्रदेश से जोड़ने वाला यह एक प्रमुख मार्ग भी है। किन्तु इस मार्ग पर जगह जगह उखड़े हुए डामर और गड्ढों के कारण इस मार्ग पर आना जाना खतरों से भरा रहता है। सड़क की खराब स्थिति को देखने के लिए कोटा विधायक ने रतनपुर केवंची होते हुए पेन्ड्रा मार्ग का स्वयं निरिक्षण किया और उन्होनें सोशल मीडिया पर इस खराब सड़क की तस्वीरें और वीडियो को साझा करते हुए विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह भी लगाए। यहां के स्थानीय नागरिकों का भी कहना है कि रतनपुर- पेन्ड्रा हाइवे मार्ग पर चलना मुश्किलों से भरा रहता है। इस मार्ग पर जगह जगह बने हुए गड्ढों के कारण वाहनों को तो नुकसान पहुंचता है और यात्रियों को भी इस मार्ग पर से गुजरने से शारीरिक परेशानी होती है। आम नागरिकों के लिए अचानकमार टाइगर रिजर्व से होकर जाने वाला वैकल्पिक मार्ग भी बंद रखा गया है। इसके अतिरिक्त मरही माता, खोंगसरा, कोनचरा का मार्ग भी खराब हो गया है जिस कारण से सुरक्षित आवागमन के लिए विकल्प नहीं के बराबर है। कोटा विधायक श्री अटल श्रीवास्तव जी ने सड़क निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द इस मार्ग को सुधारने और मार्ग का उन्नयन कार्य किए जाने की मांग की है। इस हाईवे मार्ग पर प्रतिदिन हजारों की संख्या में यात्रियों और वाहनों की सुरक्षा दांव पर लगी रहती है। 






