
चित्रकूट 18 दिसंबर 2025
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला औद्यानिक मिशन समिति, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पी.डी.एम.सी.), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना तथा बुन्देलखण्ड एवं विन्ध्य क्षेत्र में औद्यानिक विकास योजनाओं के अनुमोदन हेतु बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ जिला हेड चित्रकूट शिवसंपत करवरिया
जनपद चित्रकूट जिलाधिकारी पुलकित गर्ग की अध्यक्षता में जिला औद्यानिक मिशन समिति, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पी.डी.एम.सी.), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना तथा बुन्देलखण्ड एवं विन्ध्य क्षेत्र में औद्यानिक विकास योजनाओं के अनुमोदन हेतु बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में जिला उद्यान अधिकारी प्रतिभा पाण्डेय द्वारा जनपद में संचालित एकीकृत बागवानी विकास मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना (पी.डी.एम.सी.), ड्रॉप मोर क्रॉप योजना एवं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के अंतर्गत निदेशालय, उद्यान विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ द्वारा निर्धारित भौतिक एवं वित्तीय लक्ष्यों की विस्तृत जानकारी समिति के समक्ष प्रस्तुत की गई, जिस पर समिति द्वारा अनुमोदन प्रदान किया गया।
उप कृषि निदेशक द्वारा जनपद स्तर पर नींबू एवं आँवला के अधिकाधिक बागों के रोपण को प्रोत्साहित करने पर बल दिया गया। जिला उद्यान अधिकारी, चित्रकूट द्वारा अवगत कराया गया कि बुन्देलखण्ड एवं विन्ध्य क्षेत्र औद्यानिक विकास योजना के अंतर्गत किसानों को आँवला एवं नींबू के बाग लगाने पर विभाग द्वारा ₹3000.00 प्रति माह की दर से प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा किसान सदस्यों से उनके द्वारा संचालित कार्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की गई तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि विभागीय योजनाओं का जनपद स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक कृषकों को औद्यानिक योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
बैठक में डी.एन. पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी; अनुराग शर्मा, प्रबंधक, जिला अग्रणी बैंक; राजकुमार, उप कृषि निदेशक (कृषि); डॉ. पुष्पेन्द्र सिंह दीक्षित, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, गनीवां; रमेश सिंह, वरिष्ठ कोषाधिकारी; ओमप्रकाश मिश्रा, उपायुक्त, एन.आर.एल.एम.; सत्यराम यादव, परियोजना निदेशक/जिला विकास अधिकारी सहित जनपद के प्रगतिशील कृषक लव सिंह, फूलचन्द्र, बबलू तिवारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









