


निवाड़ी , कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे ने आज निर्माणाधीन नवीन कलेक्ट्रेट भवन का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन की विभिन्न शाखाओं, कक्षों एवं परिसर की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन के शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अतिशीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
श्रीमती भिडे ने शेष फिनिशिंग एवं तकनीकी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश देते हुए निर्माण में प्रयुक्त सामग्री तथा संरचनात्मक मजबूती के मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं को इस प्रकार सुव्यवस्थित करने के निर्देश दिए, जिससे आगंतुकों एवं कर्मचारियों को सुविधाजनक और सुलभ वातावरण प्राप्त हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कहा कि नवीन कलेक्ट्रेट भवन के पूर्ण होने से जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाएं अधिक सुदृढ़ होंगी तथा एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की उपलब्धता से जनसामान्य के कार्यों में तेजी आएगी।









