
कटनी
निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर और सुचारू बनाने के उद्देश्य से बुधवार प्रातः रामनिवास सिंह वार्ड एवं सीएलपी वार्ड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड की विभिन्न गलियों का भ्रमण कर सफाई, नालियों की स्थिति और चल रहे सीवर कार्यों का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने सभी मार्गों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने तथा संभावित रूप से चोक होने वाली नालियों का चिन्हांकन कर रोजाना जल निकासी के समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे स्वयं प्रतिदिन वार्ड की समस्त गलियों का निरीक्षण करें और कहीं भी कचरा पाए जाने पर तत्काल सफाई कराएं।कुछ स्थानों पर नालियों के क्षतिग्रस्त पाए जाने पर निगमायुक्त ने स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी को सुधार कार्य का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने स्वच्छता कर्मियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी जानीं और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निगमायुक्त ने आवारा मवेशियों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्रवाई करने तथा सार्वजनिक स्थलों पर गंदगी फैलाने वालों को पहले समझाइश देने और नहीं मानने पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, वार्ड में चल रहे सीवर लाइन विस्तार कार्य का निरीक्षण कर संबंधित सुपरवाइजर को सुरक्षा मानकों और आवागमन की सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।इस दौरान स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, क्षेत्रीय स्वच्छता निरीक्षक एवं वार्ड दरोगा उपस्थित रहे।
कटनी ब्यूरो चीफ
सुरेन्द्र कुमार शर्मा
नित नई खबर एवं विज्ञापन हेतु संपर्क करे






