
संघ शताब्दी हिन्दू सम्मेलन: 18 जनवरी को पनोतिया में विराट आयोजन, निर्मलराम जी महाराज का मिलेगा आशीर्वाद
शोभायात्रा व धर्मसभा के माध्यम से सनातन संस्कृति संरक्षण का संदेश
शाहपुरा/भीलवाड़ा
हिन्दू समाज को संगठित करने तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आगामी 18 जनवरी को संघ शताब्दी हिन्दू सम्मेलन मण्डल पनोतिया के तत्वावधान में एक भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का वातावरण बना हुआ है और तैयारियां युद्ध स्तर पर प्रारंभ कर दी गई हैं।
सम्मेलन की तैयारियों को लेकर सर्व हिन्दू समाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के समाजजन, प्रबुद्ध नागरिक एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सम्मेलन के दिन नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसके पश्चात विशाल धर्मसभा का आयोजन होगा।
धर्मसभा में लूलास धाम के महंत 1008 श्री निर्मलराम जी महाराज (रामद्वारा) का पावन सान्निध्य एवं प्रेरणादायी प्रवचन रहेगा, जो समाज को धर्म, संस्कार और संगठन का संदेश देगा।
हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष गोपाल लाल धनारिया ने बताया कि सम्मेलन की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं तथा आयोजन को सफल बनाने हेतु कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस संबंध में हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक हनुमान धाकड़ ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य समाज को एकजुट कर सनातन संस्कृति की रक्षा, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रहित के विचार को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में समाजजन से सम्मेलन में सहभागी बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रामनाथ गुर्जर (देवरिया), गोपाल लाल धनारिया, ओमप्रकाश खाती, बद्री लाल गुर्जर, महावीर गुर्जर (बडला), चेतन कुमावत, राज्यास, बबलू रेबारी (नाथडियास) सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने लुलास धाम पहुंचकर महंत श्री निर्मलराम जी महाराज से भेंट कर उन्हें सम्मेलन में आमंत्रित किया, जिसे महाराज श्री ने सहर्ष स्वीकार करते हुए अपनी सहमति प्रदान की।
सर्व हिन्दू समाज एवं हिंदू जागरण मंच ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस ऐतिहासिक सम्मेलन को सफल बनाएं।







