
अश्रुपूर्ण नेत्रों से दी गई प्रधानाध्यापक एस. रिपोर्टर/एन. तिवारी को भावभीनी विदाई।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
खलारी। एसीसी उच्च विद्यालय में शनिवार को प्रधानाध्यापक श्री एस. एन. तिवारी को उनकी सेवानिवृत्ति पर भावुक समारोह के बीच विदाई दी गई। इस अवसर पर विद्यालय का पूरा वातावरण श्रद्धा और भावनाओं से भर गया।
समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई। वरिष्ठ शिक्षकों ने अपने संबोधन में प्रधानाध्यापक के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके कुशल नेतृत्व में विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए।
विद्यालय के प्रशासक जामवंत सिंह ने शॉल भेंट कर श्री तिवारी को सम्मानित किया और कहा, “हमने आज एक कुशल प्रशासक ही नहीं बल्कि एक अभिभावक को भी विदा किया है। उनकी कमी हमेशा खलेगी।”
शिक्षकों ने सामूहिक रूप से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। नवनियुक्त प्राचार्या श्रीमती अर्चना उपाध्याय ने बुके देकर उनका स्वागत किया और अपने विदाई संदेश में कहा कि श्री तिवारी की शिक्षा, अनुशासन और नैतिकता की विरासत हमेशा प्रेरणा देती रहेगी।
शिक्षक समर सेन ने कहा, “भले ही आज वह इस कार्यालय से विदा ले रहे हैं, लेकिन उनके आदर्श और शिक्षाएँ विद्यालय की दीवारों और हमारे कार्यों में हमेशा जीवित रहेंगी।”
विदाई समारोह में भावुक होते हुए श्री एस. एन. तिवारी ने कहा कि यह विद्यालय उनका परिवार रहा है और विद्यार्थियों की सफलता उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी शिक्षकों को नवनियुक्त प्राचार्या के साथ मिलकर विद्यालय के अनुशासन और उत्कृष्टता को बनाए रखने की प्रेरणा दी।
समारोह का संचालन मधु श्रीवास्तव ने किया। अंत में पूरा विद्यालय परिवार नम आंखों से अपने प्रधानाध्यापक को विदा करता हुआ नजर आया।










