A2Z सभी खबर सभी जिले कीFinanceTechnologyअन्य खबरेटेक्नोलॉजीधारमध्यप्रदेश

धार दिन भर की खबरें सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड धार

कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा ने जनसुनवाई में आवेदकों की समस्याएं सुनीं, संबंधित अधिकारियों को दिए समय-सीमा में निराकरण के निर्देश

 

जनसुनवाई में कुल 72 आवेदन प्राप्त

 

धार, 03 फरवरी 2026।

कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा द्वारा मंगलवार को जिला मुख्यालय पर जनसुनवाई ली गई । जनसुनवाई में जिले के दूरस्थ एवं शहरी क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कुल 72 आवेदन प्राप्त हुए।

जनसुनवाई में आवास, वृद्धावस्था एवं सामाजिक सुरक्षा पेंशन, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्व प्रकरण, पेयजल व्यवस्था, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री जनकल्याणकारी योजनाएं, भूमि अतिक्रमण, अनुकंपा नियुक्ति, आर्थिक सहायता, सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य विभिन्न विभागों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। आवेदकों ने व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं सार्वजनिक हित से जुड़े विषयों को कलेक्टर के समक्ष रखा।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने प्राप्त आवेदनों का अवलोकन करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान किया जाना चाहिए। किसी भी आवेदन को लंबित न रखा जाए तथा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव है, उनमें मौके पर ही कार्यवाही की जाए तथा शेष प्रकरणों में आवेदकों को निराकरण की प्रगति से अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि नागरिकों को संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रदान करना है। जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे ।

 

 

स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत मांडू में 24 करोड़ से होंगे विकास कार्य

 

मांडू के समग्र पर्यटन विकास को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में परिषद की बैठक हुई

 

मांडू –ए मीडिवल वंडर” परियोजना को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश

 

धार 3 फरवरी 2026। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित की गई।

बैठक में स्वदेश दर्शन 2.0 के तहत स्वीकृत कार्यों पर चर्चा की गई। इस दौरान चैलेंज बेस्ड डेस्टिनेशन डेवलपमेंट (सीबीडीडी) योजना के अंतर्गत “मांडू – ए मीडिवल वंडर” परियोजना को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। कलेक्टर श्री मिश्रा ने मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि योजना के सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में प्रारंभ कर पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि परियोजना के कार्य मानसून सत्र के दौरान पूरे कर लिए जाएं, ताकि आगामी मानसून में पर्यटकों को स्वदेश दर्शन 2.0 योजना का पूरा लाभ मिल सके।

कलेक्टर ने कहा कि परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक समिति एवं उप-समितियों का गठन किया जाए, जिनमें जिम्मेदार अधिकारियों को शामिल किया जाए। साथ ही, निरंतर निगरानी के माध्यम से स्वीकृत कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि कार्य प्रारंभ करने से पूर्व सभी संबंधित अधिकारी मांडू का स्थल भ्रमण करें।

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से कलेक्टर को अवगत कराया गया कि धार जिले की ऐतिहासिक नगरी मांडू को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाना है। लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जाएंगे। निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है एवं एजेंसी का चयन कर लिया गया है, जो शीघ्र ही कार्य प्रारंभ करेगी। इस परियोजना के अंतर्गत मांडू के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों—राम मंदिर, जामा मस्जिद, अशर्फी महल, होशंगशाह का मकबरा, रैवा कुंड, छप्पन महल, दाई का महल, जाली महल तथा दरवाजों की श्रृंखला—को समग्र रूप से जोड़ा गया है।

प्रमुख विकास कार्य में नोडल टूरिस्ट सेंटर (डायनो पार्क के पास): सूचना केंद्र, स्नैक एवं सुविनियर शॉप, पार्किंग एवं साइनज, सोशल स्क्वायर (राम मंदिर–जामा मस्जिद परिसर के बीच): प्लाज़ा, फ्ली मार्केट, टूरिस्ट असिस्टेंस सेंटर एवं 24×7 खुला हाट बाजार, सनडाउनर लॉन (रेन बसेरा के पास): आकर्षक गार्डन, बैठने की व्यवस्था, रोशनी एवं सजावट, माइनर मॉन्यूमेंट ब्यूटीफिकेशन: छोटे स्मारकों एवं सड़कों का सौंदर्यीकरण, ग्रीन टूरिज्म इनिशिएटिव: हर्बल गार्डन, लैंडस्केपिंग एवं सस्टेनेबल इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटलीकरण एवं प्रशिक्षण पर फोकस, ऑडियो गाइड, मोबाइल ऐप एवं वेबसाइट, वेब-आधारित एआर कंटेंट, स्थानीय युवाओं के लिए स्किलिंग एवं ट्रेनिंग कार्यक्रम शामिल है।

बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक चौधरी, डीएफओ श्री विजयनंथम टी.आर. उपस्थित रहे। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी श्री प्रवीण शर्मा एवं सदस्य भी बैठक में मौजूद रहे, जबकि मप्र टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी आनलाइन सम्मिलित हुए।

 

संयुक्त राष्ट्र में गूंजा ‘विकसित भारत’ का संकल्प—श्रीमती सावित्री ठाकुर ने रखा भारत का दृष्टिकोण

 

धार 3 फरवरी 2026। संयुक्त राज्य अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित संयुक्त राष्ट्र सामाजिक विकास आयोग (CSocD) के 64 वें सत्र को संबोधित करते हुए भारत की ओर से माननीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री एवं धार–महू से सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर ने सामाजिक न्याय, समावेशन एवं सतत विकास से जुड़े वैश्विक विषयों पर भारत का सशक्त पक्ष अंतरराष्ट्रीय मंच पर रखा।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत का विकास दृष्टिकोण “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” की भावना पर आधारित है, जिसमें समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास के लाभ पहुँचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं, बच्चों, वंचित वर्गों, दिव्यांगजनों और कमजोर तबकों के सशक्तिकरण के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, नीतिगत पहलों और नवाचारों को साझा किया।

श्रीमती ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “विकसित भारत” का संकल्प केवल आर्थिक उन्नति तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सामाजिक सुरक्षा, समान अवसर, लैंगिक समानता और मानवीय गरिमा के साथ प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। महिला सशक्तिकरण, पोषण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

उन्होंने “वसुधैव कुटुम्बकम” की भारतीय दर्शन को रेखांकित करते हुए कहा कि भारत अपने समावेशी विकास के अनुभवों को विश्व समुदाय के साथ साझा कर वैश्विक सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत मानता है कि सतत और समावेशी विकास ही विश्व शांति, स्थिरता और समृद्धि का आधार है।

अंत में उन्होंने कहा कि भारत संयुक्त राष्ट्र के मंच पर सामाजिक विकास के वैश्विक लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु निरंतर सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा और मानव कल्याण को केंद्र में रखकर वैश्विक साझेदारी को नई दिशा देगा।

 

पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के परिसर में दीदी कैफे का शुभारम्भ

 

धार, 03 फरवरी 2026।

पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के परिसर में दीदी कैफे का शुभारम्भ विधायक श्रीमती नीना वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर विधायक ने दीदी कैफे टीम को आशीर्वचन प्रदान करते हुए इसे संस्था के विद्यार्थियों के लिए एक सराहनीय एवं जनकल्याणकारी पहल बताया।

विधायक श्रीमती नीना वर्मा ने कहा कि दीदी कैफे के माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा निर्मित सात्विक एवं सुस्वादू खाद्य सामग्री कार्यालय समय में बाजार भाव से कम दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी। इससे विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वास्थ्यवर्धक भोजन सुलभ होगा तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित इस समूह को प्रोत्साहित करते हुए संस्था प्रबंधन से सहयोगात्मक रवैया अपनाने का आह्वान किया।

इसी क्रम में 03 फरवरी 2026 को प्रातः 11:30 बजे पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष श्री दीपक बिड़कर एवं जनभागीदारी सदस्य श्री संदीप खटोड़ द्वारा लाल फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर कार्यक्रम संपन्न कराया गया। इस अवसर पर हरी झंडी दिखाकर बस को निर्धारित रूट पर रवाना किया गया।

दीदी कैफे की यह पहल महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार एवं सामाजिक सहभागिता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसकी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, संस्था प्रबंधन एवं स्टाफ द्वारा सराहना की गई।

 

मेरा युवा भारत बजट क्वेस्ट 2026 का किया जा रहा आयोजन

 

धार 3 फरवरी 2026। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत प्लेटफ़ॉर्म द्वारा युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत बजट क्वेस्ट 2026 का राष्ट्रीय स्तर का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को केंद्रीय बजट 2026 से जोड़ना उनकी आर्थिक एवं नीतिगत समझ को सशक्त बनाना तथा विकसित भारत/2047 के विजन में युवाओं के प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के प्रथम चरण में एक ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है कॉलेज में सफल प्रतिभागियों को द्वितीय चरण में चयनित आठ विषयों पर निबंध लेखन का अवसर मिलेगा ये विषय बजट युवा सशक्तिकरण रोज़गार शिक्षा नवाचार आत्मनिर्भर भारत एवं राष्ट्रीय विकास से संबंधित होंगे। निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वर्चुअल संवाद में शामिल होने का विशेष अवसर प्रदान किया जाएगा। जहाँ युवा अपने विचार सीधे देश के सर्वोच्च नेतृत्व के समक्ष साझा कर सकेंगे।

मेरा युवा भारत बजट 2026 का आयोजन 3 से 17 फ़रवरी तक ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा देश भर के युवा मेरा युवा भारत पोर्टल https://mybharat.gov.in/ पर पंजीकरण कर इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। मेरा युवा भारत ने सभी युवाओं से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़े और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

 

अवैध शराब के भंडारण एवं विक्रय पर आबकारी विभाग की कार्रवाई

 

धार, 3 फरवरी 2026। कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के आदेशानुसार एवं उपायुक्त आबकारी संभाग इंदौर श्री संजय तिवारी तथा सहायक आबकारी आयुक्त जिला धार श्री राज नारायण सोनी के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की गई।

प्राप्त मुखबिर सूचना के आधार पर नालछा क्षेत्र अंतर्गत भीलबरखेड़ा गांव में एक व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से शराब का भंडारण कर विक्रय किए जाने की जानकारी मिली। सूचना पर कार्यवाही करते हुए आबकारी अमले द्वारा तलाशी ली गई, जिसमें बोल्ट केन बीयर एवं गोवा व्हिस्की सहित कुल 116.10 बल्क लीटर मदिरा जप्त की गई।

इस दौरान आरोपी दिनेश पिता रमेश फूलगर, निवासी भीलबरखेड़ा मौके से फरार हो गया। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

उक्त कार्यवाही नवीन विधान के अंतर्गत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए वीडियो रिकॉर्डिंग आदि के माध्यम से की गई। जप्त मदिरा की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹36,290/- आंकी गई है।

यह कार्यवाही सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री प्रशांत मंडलोई, आबकारी उप निरीक्षक श्री नानूराम अलावा, श्री दिनेश उदैनिया, श्रीमती राजकुमारी मंडलोई, श्री राजकुमार शुक्ला, श्री रोहित मुकाती, श्रीमती सृष्टि गिरवाल, श्री मुनेंद्र जादौन तथा वृत्त धार, सागौर, सरदारपुर एवं बदनावर-‘बी’ के आबकारी स्टाफ की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

 

अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की प्रभावी कार्यवाही

 

धार, 03 फरवरी 2026। जिले में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आबकारी वृत्त बदनावर ‘ब’ में कार्यवाही करते हुए मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत एक प्रकरण दर्ज किया गया है।

कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा के आदेशानुसार एवं सहायक आबकारी आयुक्त जिला धार श्री राजनारायण सोनी के मार्गदर्शन में तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी सुश्री शालिनी सिंह के नेतृत्व में यह कार्यवाही की गई।

मनासा–पायकुण्डा मार्ग पर ग्राम पलवाड़ा एवं ग्राम बडगारा के मध्य 3 फरवरी 2026 को एक चार पहिया स्विफ्ट वाहन क्रमांक MP-09-TA-9824 की जांच की गई। जांच के दौरान वाहन से अवैध रूप से परिवहन की जा रही 15 पेटी विदेशी मदिरा (व्हिस्की) जप्त की गई। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1) एवं 34(2) के अंतर्गत प्रकरण कायम कर विवेचना में लिया गया है।

जप्त की गई अवैध मदिरा एवं वाहन का अनुमानित मूल्य लगभग 4,00,000 रुपये है। यह कार्यवाही आबकारी उप निरीक्षक श्री राजकुमार शुक्ला, श्री रोहित मुकाती, श्री मुनेन्द्र सिंह जादौन तथा आबकारी आरक्षक श्री राजेंद्र यादव, श्री कमल वर्मा एवं श्री संजय मंशारे की टीम द्वारा की गई।

 

रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिस मेला (युवा संगम) में 14 कंपनियों द्वारा 106 आवेदको का चयन किया

 

धार, 3 फरवरी 2026। बेरोजगार युवाओ को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सोमवार को पीथमपुर औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था के ग्राम खण्डवा में जिला रोजगार कार्यालय, प्राचार्य आय. टी. आय. धार, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र धार एवं आजीविका मिशन (एन.आर.एल.एम.) धार के संयुक्त तत्वाधान में रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेन्टिस मेला (युवा संगम) का आयोजन किया गया। जिसमे 201 आवेदको का ऑफ लाईन पंजीयन किया गया।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इस युवा संगम रोजगार मेले में 14 कम्पनियो ने भाग लिया। विभिन्न कंपनियो द्वारा 106 आवेदको का चयन किया गया। जिसमें परफेक्ट सालुसन सर्विस पीथमपुर 02, महिंद्रा मशीनरी पीथमपुर 01, शक्ति पंप इंडिया लि. पीथमपुर 18, एल आय सी कंपनिया 12, प्रतिभा सिंटेक्स प्रा. लि. पीथमपुर 10, महिंद्रा टू व्हीलर प्रा पीथमपुर. लि. 08, हिम टेक्रो फोर्ज लि. पीथमपुर 22, नव शक्ति बायो क्रोप केयर इंदौर 02, आज्ञा ऑटो प्रा पीथमपुर लि. 02, ईफ्का इंडस्ट्रीज पीथमपुर 06, युवा शक्ति फाउंडेशन 05, पैनासोनिक इंडिया लि. पीथमपुर 05, एस …आर.ऍफ़. प्रा. लि.पीथमपुर 08, आयसर सीआईआई कंपनी पीथमपुर 05 आवेदको का चयन हुआ। इसमें संस्था के प्राचार्य, ग्राम खण्डवा, पीथमपुर एवं प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी श्री राहुल मंडलोई एवं समस्त स्टॉप का सरानीय योगदान रहा।

इसी प्रकार एक दिवसीय केरियर काउंसलिंग का आयोजन प्राचार्य शासकीय आई. टी. आई, केम्पस ग्राम खण्डवा पीथमपुर मे किया गया। जिसमे चयनित मनोवैज्ञानिक / विषयविशेषज्ञो द्वारा संस्था मे अध्ययनरत छात्रो एवं रोजगार मेले मे उपस्थित आवेदको के लिए केरियर काउंसलिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई एवं स्वरोजगार से संबंधी और रोजगार पोर्टल के संबंध में भी जानकारी दी गई। साथ ही 62 छात्रो/छात्राओ की केरियर काउंसलिंग की गई।

 

ओलंपियाड परीक्षा में धार विकासखंड का रहा जिले में उत्कृष्ट प्रदर्शन

 

जिले के 18 चयनित विद्यार्थियों में से 14 धार विकासखंड के

 

धार, 3 फरवरी 2026। राज्य शिक्षा केंद्र, भोपाल द्वारा आयोजित जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिले के 13 विकासखंडों की शालाओं से कुल 18 विद्यार्थियों का चयन हुआ है, जिनमें से सर्वाधिक 14 विद्यार्थी धार विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों से चयनित हुए हैं। इस उपलब्धि के साथ धार विकासखंड जिले में प्रथम स्थान पर रहा है।

धार विकासखंड के बीआरसी श्री भरत राज सिंह राठौर ने बताया कि चयनित 14 विद्यार्थियों में से सर्वाधिक विद्यार्थी शासकीय सांदीपनि विद्यालय, धार के हैं। विद्यालय के कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों—कृष्णा चौधरी, देवांश एलवेंडे, प्रज्ञा चौहान, दृष्टि प्रजापत, लाभांश रघुवंशी, अनिल मेड़ा, जीविशा नवले, तोशिका मालवीय एवं लतिका पाटीदार ने विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके अतिरिक्त शासकीय भोज कन्या विद्यालय धार, शासकीय कन्या विद्यालय केसूर, शासकीय विद्यालय बिजुर तथा घाटाबिल्लौद के विद्यार्थियों का भी चयन हुआ है।

उल्लेखनीय है कि जिला स्तरीय ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन 16 एवं 17 जनवरी 2026 को किया गया था, जिसमें प्रदेशभर से लगभग 2 लाख विद्यार्थियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में प्रत्येक जिले से प्रत्येक विषय एवं कक्षा के एक-एक प्रथम स्थान प्राप्त विद्यार्थी का चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों एवं उनके शिक्षकों को जिला स्तर पर आयोजित सम्मान समारोह में सम्मानित किया जाएगा।

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर सहायक आयुक्त श्री नरोतम बरखड़े, जिला शिक्षा अधिकारी श्री केशव वर्मा, जिला परियोजना समन्वयक श्री प्रदीप खरे, प्राचार्य डॉ. स्मृति रत्न मिश्र एवं बीएसी श्री देवेंद्र दीक्षित ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!