A2Z सभी खबर सभी जिले की

Sonbhadra news:एनएच-39 पर टेलर चेसिस की टक्कर से महिला गंभीर घायल

विंढमगंज में पैदल चल रही महिला को पीछे से कुचला, चालक हिरासत में

विंढमगंज, सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_
सोनभद्र जनपद के विंढमगंज थाना क्षेत्र में एनएच-39 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ग्राम सलैयाडीह की मूल निवासी कबूतरी देवी (पत्नी गणेश यादव) विंढमगंज बाजार से खरीदारी कर पैदल घर लौट रही थीं। इसी दौरान सरकारी अस्पताल से कुछ दूरी पर पीछे से आ रहे टेलर के चेसिस ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे उनके दोनों पैरों में गंभीर चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबूतरी देवी सड़क के किनारे पटरी पर सावधानीपूर्वक चल रही थीं। तेज रफ्तार टेलर के चेसिस की चपेट में आते ही वह सड़क पर गिर पड़ीं। बताया गया कि टेलर जमशेदपुर (टाटा) से चेसिस लेकर दिल्ली की ओर जा रहा था। वाहन चालक का नाम सुभाष, पुत्र दसरथ, बताया गया है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। घायल महिला ने बताया कि पूरी सतर्कता के बावजूद पीछे से आए वाहन ने उन्हें धक्का मारते हुए पैरों को कुचल दिया। उन्होंने दोषी चालक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने टेलर व उसके चेसिस को कब्जे में लेकर थाने भिजवा दिया है तथा चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना ने एनएच-39 जैसे व्यस्त राष्ट्रीय राजमार्ग पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के ठोस इंतजाम—जैसे गति नियंत्रण, चेतावनी संकेत और पैदल पथ—सुनिश्चित करने की मांग की है।

Back to top button
error: Content is protected !!