
दरभंगा, 12 फरवरी 2026: जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार ने आज बहादुरपुर प्रखंड अंतर्गत मेकना बेदा पंचायत में प्रस्तावित डॉ.भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय के निर्माण के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ज्ञातव्य है कि इस स्थल पर 720 बेड क्षमता वाला अत्याधुनिक आवासीय विद्यालय बनेगा, जिसमें कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई की व्यवस्था होगी। जिलाधिकारी ने भूमि की मापी की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त की और अपर समाहर्ता (राजस्व) को शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर अग्रसारित करने का निर्देश दिया, ताकि भवन निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि इस विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सर्वांगीण विकास के अवसर प्राप्त होंगे। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (राजस्व), जिला कल्याण पदाधिकारी, डीसीएलआर सदर और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।





















