

🏠 सहारनपुर को बड़ी सौगात: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सिंगल क्लिक से 10,214 लाभार्थियों के खातों में भेजे एक-एक लाख रुपये, पीएम आवास योजना 2.0 से चमकेंगे हजारों घर ✨🇮🇳
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद को आज एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी)-2.0 के अंतर्गत व्यक्तिगत आवास निर्माण हेतु जिले के 10,214 लाभार्थियों के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रथम किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये की धनराशि सीधे स्थानांतरित की। यह कार्यक्रम प्रदेश स्तर पर आयोजित किया गया, जिसमें पूरे उत्तर प्रदेश के लगभग 90 हजार लाभार्थियों को भी पहली किश्त जारी की गई, लेकिन सर्वाधिक लाभार्थियों की संख्या सहारनपुर जिले में रही, जिससे यह जिला पूरे प्रदेश में अग्रणी बनकर उभरा। 💰
सहारनपुर कलक्ट्रेट परिसर स्थित एनआईसी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुछ लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद भी किया। इसी क्रम में संतनगर, नुमाइश कैंप निवासी महिला लाभार्थी सुनीता पत्नी अशोक कुमार से मुख्यमंत्री ने सीधे बातचीत कर उनकी पारिवारिक स्थिति और सरकारी योजनाओं से मिले लाभ के बारे में जानकारी ली। सुनीता ने बताया कि उनके परिवार में चार सदस्य हैं, दो बच्चे हैं और उनके पति बिजली का काम करते हैं। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें अपना पक्का घर बनाने का अवसर मिला है। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रोत्साहित करते हुए कहा कि “मकान अच्छा बनाइए, आगे की दो किश्तें भी आपको मिलेंगी” तथा यह भी कहा कि यह घर प्रधानमंत्री की योजना के तहत आपको दिया जा रहा है। 🏡
जनमंच में आयोजित समारोह में प्रतीकात्मक रूप से 10 लाभार्थियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह प्रमाण पत्र नगर विधायक राजीव गुंबर, विधायक देवेंद्र निम, मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार, जिलाधिकारी मनीष बंसल, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई तथा दल नेता मुकेश गक्खड़ द्वारा प्रदान किए गए। जिन लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से प्रमाण पत्र दिए गए, उनमें पीरमाजरा की स्वाति, सिद्धार्थ एंक्लेव के सुमित कुमार, हलालपुर के मनोज कुमार, मुल्लापुर मजबता की बृजेश रानी, ज्वालाजी एंक्लेव के वंश व सुमन, आकाश एंक्लेव के हरिओम, गढ़ीमलूक के सतेंद्र व सोमती तथा रोहित गार्डन के शेरसिंह शामिल रहे। 📄
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार ने लाभार्थियों का चयन किसी जाति, धर्म या चेहरे को देखकर नहीं, बल्कि वास्तविक जरूरत के आधार पर किया है। उन्होंने कहा कि गरीब, महिलाएं, वंचित, दलित और अनुसूचित जाति सहित सभी वर्गों को समान रूप से लाभ दिया जा रहा है, जिससे उनका जीवन स्तर बेहतर होगा और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। 🌟
कार्यक्रम में नगर विधायक राजीव गुंबर ने कहा कि राज्य सरकार बिना भेदभाव के सबके सपनों को साकार कर रही है और “सबका साथ, सबका विकास” की नीति को धरातल पर उतार रही है। वहीं विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि मुख्यमंत्री का लक्ष्य है कि कोई भी परिवार कच्चे मकान में न रहे और हर व्यक्ति को पक्का घर मिले। उन्होंने इसे डॉ. भीमराव अंबेडकर और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की विचारधारा को साकार करने वाला कदम बताया। 🙏
कार्यक्रम के दौरान नगर निगम और डूडा विभाग के अधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद और लाभार्थी उपस्थित रहे। सहारनपुर में एक साथ इतनी बड़ी संख्या में आवास स्वीकृति और धनराशि वितरण को ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है, जिससे हजारों परिवारों का अपना घर होने का सपना साकार होने जा रहा है। 🎉
✍️ रिपोर्ट: एलिक सिंह
संपादक – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
ब्यूरो प्रमुख – हलचल इंडिया न्यूज़
ब्यूरो प्रमुख – दैनिक आशंका बुलेटिन, सहारनपुर
📞 संपर्क: 8217554083
📢 खबर, विज्ञापन, विज्ञप्ति एवं सूचना हेतु संपर्क करें।




