
*कलेक्टर और सीईओ के निर्देशन में ग्रामीण विकास को रफ्तार, मनरेगा अंतर्गत करोड़ों के कार्य स्वीकृत*
*जिला सक्ती में मनरेगा अंतर्गत 3.5 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति आदेश जारी*
सक्ती, 21 फरवरी 2026// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन के निर्देशन में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत सरपंचों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा योजना अंतर्गत ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ लगभग 3.5 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति आदेश सरपंचों को प्रदान किया गया। इस अवसर पर सरपंचों को निर्देशित किया गया कि सभी स्वीकृत कार्य गुणवत्तापूर्वक एवं निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराए जाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। योजना अंतर्गत आजीविका डबरी निर्माण, मुक्तिधाम निर्माण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली गोदाम भवन निर्माण, सिंचाई हेतु नाली निर्माण कार्य सहित विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों के लिए ग्राम पंचायत कलमी, ढीमानी, नग्झर, बोकरेल, भठोरा, बंदोरा भेड़ीकोना, मरघटी, रनपोटा, सिंघरा, सुलौनी कटेकोनी छोटे, कंवलझर, गोपालपुर, नवापारा म, सरवानी बा, सकरेली बा, आमापाली गलगलाडीह, ठठारी एवं हरदीडीह में प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत संरचना सुदृढ़ होगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।





