
(फुरकान अंसारी)
हरिद्वार। कांग्रेस की लंबे समय तक सेवा करने वाले वरिष्ठ नेता नजर हसन अंसारी ने पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। अंसारी समाज के लिए अग्रणी रूप से कार्य करने वाले नजर हसन अंसारी कांग्रेस विधायक द्वारा की जा रही उपेक्षा से नाराज चल रहे थे। उन्होंने भाजपा में शामिल होकर अपने समाज और समुदाय के उत्थान एवं विकास के लिए कार्य करने का निर्णय लिया है।
लालढांग क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ कांग्रेस नेता नजर हसन अंसारी ने पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद के नेतृत्व में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।
नजर हसन अंसारी ने कहा कि स्वामी यतीश्वरानंद की विकासवादी सोच और जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं के समाधान के प्रयासों से प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा जॉइन की है। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा चुनाव 2027 में अपने समुदाय के बीच पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस विधायक द्वारा अंसारी समाज की अनदेखी की जा रही थी और समाज को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया गया। समाज के विकास से जुड़े मुद्दे उठाने पर उन्हें धमकाया भी गया।
नजर हसन अंसारी ने कहा कि भाजपा में सभी वर्गों के लिए बिना भेदभाव के कार्य किया जाता है। उन्होंने अपने समाज के लोगों से अपील की कि वे केवल वोट के लिए इस्तेमाल होने से बचें और जागरूक बनें।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने नजर हसन अंसारी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी की प्राथमिकता विकास है और सरकार की योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाना उनका संकल्प है।







