
महासमुंद। ओडिशा सीमा से लगे क्षेत्र में सक्रिय बलांगीर-बरगढ़-महासमुंद (BBM) कमेटी के करीब 15 माओवादियों ने देर रात महासमुंद जिले के बलौदा थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। सभी नक्सलियों ने हथियार डालते हुए भारतीय संविधान में आस्था जताई और मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार शनिवार को पतेरापाली, कापू कुंडा और जामपाली के जंगलों में प्रतिनिधि मंडल से मुलाकात के बाद नक्सलियों ने सरेंडर का फैसला लिया। देर रात 2 से 3 बजे के बीच उन्हें सुरक्षित तरीके से बलौदा थाना लाया गया, जहां उन्होंने औपचारिक रूप से आत्मसमर्पण किया। बलौदा थाना ओडिशा सीमा से लगा संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है।
सूत्रों के मुताबिक नक्सलियों के सुरक्षित आत्मसमर्पण के लिए महासमुंद और ओडिशा पुलिस ने संयुक्त रूप से पोस्टर जारी कर हथियार छोड़ने की अपील की थी, जिसका सकारात्मक असर देखने को मिला। पुलिस अधिकारियों द्वारा जल्द ही इस संबंध में प्रेस कॉन्फ्रेंस किए जाने की संभावना है।
प्रदेश के डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने भी हाल ही में ऑडियो संदेश जारी कर नक्सलियों से आत्मसमर्पण की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सरेंडर करने वालों के पुनर्वास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और उन्हें हर जरूरी सुविधा दी जाएगी। विजय शर्मा ने यहां तक कहा था कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों का “रेड कार्पेट” बिछाकर स्वागत किया जाएगा।
नक्सलियों के हथियार डालने से जिले के प्रभावित क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। लंबे समय से नक्सली गतिविधियों के कारण कई इलाकों में योजनाएं प्रभावित थीं, जो अब तेजी से आगे बढ़ सकेंगी।
मुख्य बिंदु:
▪ देर रात 2–3 बजे के बीच किया गया आत्मसमर्पण
▪ BBM कमेटी के लगभग 15 सक्रिय माओवादी शामिल
▪ प्रतिनिधि मंडल ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
▪ बलौदा थाना, ओडिशा सीमा क्षेत्र में हुआ सरेंडर
▪ पुलिस जल्द करेगी आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस














