
अम्बेडकरनगर। जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र के आशापार गांव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक व्यक्ति का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।मृतक की पहचान लगभग 55 वर्षीय संतोष तिवारी के रूप में हुई है, जिनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष तिवारी शनिवार को एक बारात में शामिल होने गए थे। देर रात घर लौटने के बाद वह अपने घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित दूसरे मकान के बाहर खाट पर सो गए थे। उनकी पत्नी कमला देवी भी पास में ही दूसरी खाट पर सो रही थीं। बताया जा रहा है कि रात करीब एक बजे कमला देवी की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि संतोष तिवारी खून से लथपथ हालत में बिस्तर पर पड़े हैं। यह दृश्य देखकर वह चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की गर्दन पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह भी मौके पर पहुंचीं और मामले में त्वरित जांच के निर्देश दिए। पुलिस हर एंगल से मामले की छानबीन कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने की बात कह रही है। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और पुलिस की टीम संदिग्धों से पूछताछ में जुटी हुई है।






