

लखनऊ।
मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की आहट:डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बढ़ेगा कद, मिल सकता PWD विभाग
सूत्र
लखनऊ।अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले यूपी की योगी सरकार में बड़े फेरबदल की सुगबुगाहट तेज हो गई है। सत्ता के गलियारों में चर्चा है कि सरकार के कई रसूखदार मंत्रियों का कद बढ़ाया जाएगा, जबकि कुछ की ताकत घटाई जा सकती है।
सूत्रों का कहना है कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कद बढ़ना लगभग तय है। उन्हें कुछ और महत्वपूर्ण विभाग सौंपे जा सकते हैं। फिलहाल मौर्य के पास ग्रामीण विकास, ग्रामीण इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, मनोरंजन कर और सार्वजनिक उद्यम जैसे विभाग हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, लोक निर्माण विभाग यानी PWD की जिम्मेदारी अब मौर्य को दी जा सकती है। पहले कार्यकाल में यह विभाग उनके पास था, लेकिन दूसरे कार्यकाल में सीएम योगी ने अपने पास रख लिया।
PWD के साथ बिजली मंत्रालय जो अभी अरविंद कुमार शर्मा के पास है, पंचायती राज मंत्रालय जो एसबीएसपी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के पास है और जल शक्ति मंत्रालय जो स्वतंत्र देव सिंह संभाल रहे हैं,के नेतृत्व में भी बदलाव संभव है।
अगर PWD पर सहमति नहीं बनती तो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी को यह अहम मंत्रालय मिल सकता है। चौधरी ने 10 मई को छह अन्य मंत्रियों के साथ शपथ ली थी।
सीएम योगी के पास फिलहाल 35 से ज्यादा विभाग हैं। इनमें गृह, कार्मिक, सतर्कता, आवास और शहरी नियोजन, राजस्व, सूचना और नागरिक उड्डयन जैसे अहम विभाग शामिल हैं।
बीजेपी नेताओं का कहना है कि चुनाव नजदीक हैं, इसलिए सड़क, बिजली, पानी की सप्लाई और ग्रामीण शासन से सीधे जुड़े मंत्रालयों पर फोकस है। इन्हें राजनीतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि जमीन पर इनकी मौजूदगी साफ दिखती है। जिसे भी जनता से सीधे जुड़ाव वाले विभाग मिलेंगे, वह चुनाव से पहले सरकार के प्रमुख चेहरों में शामिल हो जाएगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ हाल ही में दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले। बताया जा रहा है कि इन मुलाकातों में नए मंत्रियों को विभागों के बंटवारे के साथ मौजूदा मंत्रियों के विभागों में फेरबदल पर चर्चा हुई।
विस्तार के बाद योगी सरकार में अब 60 मंत्री हो गए हैं। इनमें 23 कैबिनेट मंत्री, 16 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और 21 राज्य मंत्री शामिल हैं।










