

शाहाबाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने और नियमों के उल्लंघन पर लगाम लगाने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक सर्किल शाहाबाद श्री आलोक राज नारायण के निर्देशन में पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में सोमवार को मौलागंज एवं मझिला क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस टीम ने सड़क पर नियमों को दरकिनार कर संचालित हो रहे वाहनों पर कड़ी कार्रवाई की।
चेकिंग के दौरान दो अवैध प्राइवेट बसें तथा क्षमता से अधिक माल लादकर संचालित दो ओवरलोड ट्रक मौके पर पकड़े गए। दस्तावेजों की जांच में कमी और नियमों के स्पष्ट उल्लंघन के चलते पुलिस प्रशासन ने चारों वाहनों को तत्काल सीज कर दिया।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से शाहाबाद सर्किल में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत पहले भी कई अवैध बसों पर कार्रवाई कर उन्हें थानों एवं डिपो में खड़ा कराया जा चुका है।
इस अचानक हुई कार्रवाई से मऊलागंज सहित पूरे क्षेत्र में डग्गामार वाहन संचालकों और ओवरलोडिंग करने वाले ट्रांसपोर्टरों में हड़कंप की स्थिति देखी गई। कई वाहन चालकों ने मुख्य मार्गों से दूरी बनानी शुरू कर दी है।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि क्षेत्र में अवैध परिवहन, बिना परमिट संचालन और ओवरलोडिंग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









