
बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी), चंद्रपुर जिला शाखा ने नीट-यूजी परीक्षा में कथित पेपर लीक और धांधली के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने सोमवार को माननीय प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मामले की स्वतंत्र, निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। बीएसपी ने चेतावनी दी है कि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो पूरे महाराष्ट्र में लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन छेड़ा जाएगा।
*ज्ञापन में जताई गई गहरी चिंता*
ज्ञापन में कहा गया है कि नीट जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में बार-बार हो रहे पेपर लीक से लाखों मेहनती और होनहार छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। पेपर लीक की घटनाओं से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और छात्रों पर मानसिक, आर्थिक व शैक्षणिक दबाव बढ़ रहा है।
बीएसपी ने कहा कि गरीब, ग्रामीण, पिछड़े, दलित और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे इन घटनाओं से सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। सालों की मेहनत के बाद भी भ्रष्टाचार के कारण उनके सपनों पर पानी फिर जाता है।
*बीएसपी की 4 प्रमुख मांगें*
1. नीट परीक्षा में पेपर लीक मामले की स्वतंत्र और पारदर्शी जांच कराई जाए।
2. दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
3. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में सुरक्षा व्यवस्था और जवाबदेही को और मजबूत किया जाए।
4. जरूरी होने पर छात्रों के हितों की रक्षा करते हुए पारदर्शी तरीके से पुनर्परीक्षा कराई जाए।
*ज्ञापन सौंपते समय ये नेता रहे मौजूद*
ज्ञापन सौंपने के दौरान बीएसपी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। इनमें लोकसभा प्रभारी चंद्रपुर धर्मेशजी निकोसे, जिला उपाध्यक्ष प्रा. डॉ. विश्वनाथ लांडे, बीएसपी संघटक डॉ. ज्ञानेश्वर राऊत, जिला सचिव संजयजी मेश्राम, चंद्रपुर विधानसभा कोषाध्यक्ष मनोहर साखरे शामिल थे।
इसके अलावा वरिष्ठ कार्यकर्ता नवनंद खंडाडे, शहर अध्यक्ष इंजी. विमित कोसे, शहर महासचिव कार्तिक वनकर, बीएसपी सदस्य विलास उंदीरवाडे और बल्लारशाह से जयकुमार देवताडे भी उपस्थित रहे।
पार्टी ने साफ किया है कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाना और दोषियों को सजा दिलाना ही छात्रों के साथ न्याय होगा। अगर सरकार ने जल्द कदम नहीं उठाए तो बीएसपी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।












