

कांठ (मुरादाबाद)। तहसील कांठ क्षेत्र के गांव रमपुरा में रिटायर्ड पुलिस क्षेत्राधिकारी लखपत सिंह (आयु 89) वर्ष ने अपनी लाइसेंसी रायफल से खुद को गोली मारकर खुदखुशी कर ली। उनका खून से लथपथ शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम से जांच की, इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृतक के बेटे ने पुलिस को खुदखुशी की बात बताते हुए लिखकर दिया है। फिलहाल छजलैट मामले की जांच कर रही है।
बता दें कि लखपत सिंह 1995 में पुलिस क्षेत्राधिकारी पद से रिटायर्ड हुए थे। 27 दिसंबर 2025 को उनकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद से वह काफी गुमसुम में रहने लगे थे। वह गांव रमपुरामें अपने घर की पहली मंजिल पर अकेले रहते थे, जबकि उनका बड़ा बेटा सतवीर सिंह परिवार के साथ भूतल पर रहते हैं। रोज की तरह रात को लखपत सिंह पहली मंजिल पर अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। रात किसी समय उन्होंने अपनी लाइसेंसी रायफल को ठोड़ी के नीचे सटाकर खुद को गोली मारकर खुदखुशी कर ली। सुबह जब काफी देर तक लखपत सिंह कमरे से निकलकर नीचे नहीं आए, तो बड़े बेटे सतवीर सिंह को चिंता हुई। उनके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिस पर सतवीर ने दीवार पर सीढ़ी लगाकर ऊपर जाकर देखा तो अंदर का मंजर देखकर उनकी चीख निकल गई। पिता का खून से लथपथ शव बेड पर और पास ही रायफल पड़ी थी।
इसके बाद छजलैट थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। रिटायर्ड पुलिस क्षेत्राधिकारी के दो बेटे और तीन बेटियां हैं। थानाध्यक्ष छजलैट रमेश सेहरावत का कहना है कि इस आत्मघाती कदम उठाने का कारण स्पष्ट नहीं है, मामले की जांच की जा रही है। मृतक के बेटे ने पिता द्वारा खुदखुशी किए जाने के बारे में पुलिस को लिखकर दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिटायर्ड पुलिस क्षेत्राधिकारी के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, पोस्टमार्टम के बाद उन्होंने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। तमाम लोगों ने उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर दुखी परिजनों को सांत्वना दी है।
रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ। ✍️









