

*एआई के युग में भी प्रिंट मीडिया के बिना रह नहीं सकते हैं – भगत सिंह कोश्यारी
हरिद्वार। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब हरिद्वार में हिंदी पत्रकारिता का द्विशताब्दी समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी, निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी व पत्रकार सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर गोविंद सिंह मौजूद रहे। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस दौरान पत्रकारिता की पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य वक्ता प्रोफेसर गोविंद सिंह ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता का इतिहास संघर्षपूर्ण रहा है। उस समय अंग्रेजी के अखबार चलते थे जिसमें सभी कर्मचारी और पाठक भी अंग्रेज ही होते थे। उसके बाद बंगला, फारसी और उर्दू के अखबार शुरू हुए। कोलकाता को अखबारों की जननी कहा जाता था, वहां से जुगल किशोर शुक्ल ने 1826 में उदंत मार्तंड नाम से पहला हिंदी भाषी साप्ताहिक अखबार शुरू किया। डेढ़ साल चलने वाले इस अखबार ने अपने मापदंड और छाप छोड़ दी। उसके बाद 1857 की क्रांति से आज तक हिंदी पत्रकारिता ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रिंट मीडिया ने आज भी अपनी विश्वनीयता को कायम रखा है।
पूर्व राज्यपाल पद्मभूषित भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि मां गंगा के पावन तट पर वर्नाकुलर और भाषायी प्रेस जैसे शब्द विलुप्त हो जाएंगे। अब समय आ गया है कि अपने अस्तित्व के लिए भारतीय भाषाओं को आगे बढ़ाएं और ऐसे शब्दों का प्रयोग करें ताकि नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक बन सकें। उन्होंने कहा कि एआई के युग में भी हम प्रिंट मीडिया के बिना रह नहीं सकते हैं। भारत के अंदर आज भी आध्यात्मिक इंटेलिजेंस का कोई जवाब ही नहीं है और उसकी पहुंच बहुत आगे है। कहा कि वह मायानगरी को छोड़कर मायापुरी हरिद्वार में आए हैं। वो दिन भी आएगा, जब भारत अखंड भारत बनेगा और उसमें मायापुरी का भी महत्वपूर्ण योगदान होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी महाराज ने कहा कि पत्रकारिता समाज को आईना दिखाने का काम करती है। समाज में घट रही घटनाओं को विश्वसनीयता से रखना ही सच्ची पत्रकारिता कहलाती है। निर्भीक होकर अपने मिशन को पूरा करना चाहिए। सच्चाई समाज के आगे आएगी तो देश मजबूत होगा।इस अवसर पर बड़ी संख्या में पत्रकार और अतिथी शामिल रहे।






