
महाराणा प्रताप जयंती पर नगर निगम पाली का अभिनव आयोजन, रक्तदान शिविर में एकत्रित हुई 85 यूनिट रक्त’

पाली, 17 जून। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री शहरी सेवा शिविर 2026 के अंतर्गत नगर निगम पाली द्वारा एक अभिनव पहल करते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। नगर निगम पाली के इतिहास में पहली बार आयोजित इस शिविर में निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई कर्मियों, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण कर्मचारियों, संवेदकों एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया।
नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज ने बताया कि रक्तदान शिविर में 85 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार एवं आपातकालीन परिस्थितियों में जीवनरक्षक साबित होगा। शिविर में भाग लेने वाले कर्मचारियों ने रक्तदान को महादान बताते हुए समाज के समक्ष सेवा, समर्पण एवं मानवता की मिसाल प्रस्तुत की।
कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करने के लिए जिला कलेक्टर रवीन्द्र गोस्वामी, पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, अशोक बाफना, रमेश परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शिविर में उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया तथा इस पहल की सराहना की।
बांगड़ अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. मांगीलाल एवं उनकी टीम के साथ नगर निगम के सचिव किशन सिंह, अधिशासी अभियंता जितेंद्र सोनी, कलिम अशरफ, सहायक लेखाधिकारी ब्रिजपाल सिंह, नरेश चौधरी लोकेश जैन, राजस्व अधिकारी राम, निजी सहायक जगदीश कुमावत द्वारा इस आयोजन की प्लानिंग कर शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी!
नगर निगम प्रशासन ने रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं एवं चिकित्सा दल का आभार व्यक्त किया।
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि इस प्रकार के सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रम कर्मचारियों में सेवा भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करते हैं। भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे नवाचारात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।




