महराजगंज में फायर और विद्युत सुरक्षा को लेकर बड़ा अभियान: 32 संस्थानों की जांच, 15 को नोटिस, 3 संस्थान सील
महराजगंज। जनपद में सार्वजनिक स्थलों पर फायर एवं विद्युत सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से व्यापक अभियान चलाया। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर बुधवार को जनपदभर में विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किया गया, जिसमें सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों, अग्निशमन विभाग, नगर निकायों तथा अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीमों ने कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी, अध्ययन केंद्रों और नर्सिंग होम का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता, फायर एग्जिट, आपातकालीन निकास मार्ग, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था, वेंटिलेशन तथा अन्य सुरक्षा मानकों का गहन परीक्षण किया गया।
प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 32 संस्थानों की जांच की गई। निरीक्षण में सुरक्षा मानकों में कमियां पाए जाने पर 15 संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। वहीं गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 3 संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संस्थान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि फायर एवं विद्युत सुरक्षा से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन और व्यवस्थाएं हर समय उपलब्ध रखी जाएं।
प्रशासन और पुलिस ने दो टूक कहा है कि विद्यार्थियों, मरीजों और आमजन की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
अधिकारियों ने बताया कि जनहित और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे संयुक्त निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।