

डबवाली पुलिस का नशा तस्करों पर सख्त एक्शन जारी, सीआईए स्टाफ कालांवाली ने डोडा पोस्त तस्करी मामले के मुख्य आरोपी को दबोचा
एसपी जसलीन कौर के नेतृत्व में नशा तस्करों पर लगातार कसा जा रहा शिकंजा
रिपोर्टर इन्द्र जीत प्रजापति
स्थान कालावाली
डबवाली, 29 जून । पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, आईपीएस के नेतृत्व में नशा तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत डबवाली पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है । इसी क्रम मंत सीआईए स्टाफ कालांवाली की टीम ने डोडा पोस्त तस्करी के एक मामले में फरार चल रहे मुख्य तस्कर आरोपी मनप्रीत सिंह को काबू करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है ।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 05 जून 2026 को चौकी चौटाला पुलिस की टीम ने गश्त एवं अपराध रोकथाम के दौरान गांव अबूबशहर स्थित नहर पुल के पास आरोपी अमर सिंह को काबू कर 01 किलो 199 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया था । इस संबंध में आरोपी अमर सिंह के विरुद्ध थाना सदर डबवाली में मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत अभियोग दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर डोडा पोस्त की तस्करी में मनप्रीत सिंह की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद उसे मामले में नामजद किया गया, लेकिन वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार चल रहा था।
एसपी जसलीन कौर के निर्देशानुसार सीआईए स्टाफ कालांवाली प्रभारी पीएसआई सतपाल सिंह की टीम ने लगातार दबिश, तकनीकी विश्लेषण एवं गुप्त सूचना तंत्र का प्रभावी उपयोग करते हुए फरार आरोपी मनप्रीत सिंह को काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगामी कार्रवाई की जाएगी ।
“नशा मुक्त भारत अभियान” के लक्ष्य को साकार करने के लिए डबवाली पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है । नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा । आमजन से अपील है कि नशा तस्करी या इससे जुड़ी अन्य आपराधिक गतिविधि की सूचना बेझिझक होकर मानस पोर्टल, हेल्पलाइन 1933, डबवाली पुलिस के मो. न. 9138999748 या अपने नजदीकी थाना, चौकी में दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।











